Views: 3
जमशेदपुर:पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-33 स्थित दादा गैरेज के समीप छापेमारी कर दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।तस्करों के पास से तीन बैगों में छिपाकर रखे गए कुल 23.940 किलोग्राम गांजा (17 पैकेट) बरामद किया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि नशे की इस बड़ी खेप को बिहार भेजने की तैयारी थी।
एसएसपी की गुप्त सूचना पर गठित विशेष टीम ने की घेराबंदी
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली थी कि तस्करों द्वारा भारी मात्रा में गांजा की खेप बिहार खपाने के लिए ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद सिटी एसपी ललित मीणा के मार्गदर्शन तथा पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।विशेष टीम ने एनएच-33 पर दादा गैरेज के पास जाल बिछाया और तीन संदिग्ध बैगों के साथ खड़े दो युवकों को घेराबंदी कर दबोच लिया। बैग की तलाशी लेने पर अंदर से गांजे के कुल 17 पैकेट बरामद हुए।
बागबेड़ा और परसुडीह के रहने वाले हैं दोनों गिरफ्तार तस्कर
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान उजागर की है, जो जमशेदपुर के ही निवासी हैं।पहला आरोपी: संतोष कुमार उर्फ संतोष लोधी (उम्र 20 वर्ष), निवासी – बागबेड़ा, जमशेदपुर और दूसरा आरोपी: पूटलू भूमिज (उम्र 37 वर्ष), निवासी – मकदूमपुर रोड नंबर-2, परसुडीह, जमशेदपुर का निवासी है।
किसके पास से क्या-क्या हुई बरामदगी?
छापेमारी दल ने दोनों आरोपियों के पास से मादक पदार्थ के अलावा नकदी और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।संतोष कुमार के पास से 12 पैकेटों में बंद 15.450 किलोग्राम गांजा, एक ओपो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन और ₹1,200 नकद और पूटलू भूमिज के पास से 5 पैकेटों में बंद 8.497 किलोग्राम गांजा और ₹1,000 नकद बरामद किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज, मुख्य सप्लायर की तलाश जारी
दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित थाने में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी ललित मीणा ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार सख्ती के साथ जारी रहेगा।पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है ताकि इस तस्करी नेटवर्क के मुख्य सप्लायर और बिहार में बैठे खरीदारों तक पहुंचा जा सके।
