Views: 3
पोटका: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत पोटका पंचायत के बड़ा भूमरी गांव में रविवार की देर रात चोरों ने एक घर को अपना निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और 7 लाख रुपये नकद समेत कुल 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।
बाहर से दरवाजा बंद कर दिया, मां के कमरे को बनाया निशाना
पीड़ित परिवार के देवरंजन मंडल और उनके भाई नयन मंडल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि रविवार की रात परिवार के सभी सदस्य घर के अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। उनकी मां कुछ दिनों के लिए छठ पर्व मनाने अपनी बेटी के घर लक्ष्मीनगर गई हुई थीं। चोरों ने इसी सूनेपन का फायदा उठाया। वारदात को अंजाम देने से पहले शातिर चोरों ने बाहर से मुख्य दरवाजे की कुंडी लगा दी ताकि घर के अंदर मौजूद सदस्य बाहर न निकल सकें। चोरों ने खिड़की तोड़कर घर में घुसने के बाद मां के कमरे की गोदरेज अलमारी को निशाना बनाया और उसमें रखे नकदी व कीमती जेवरात समेट लिए।
क्या-क्या सामान ले उड़े चोर?
परिवार के मुताबिक, चोरों ने घर में रखे निम्नलिखित कीमती सामानों की चोरी की है जिसमे 7 लाख रुपये नगद,सोने के दो हार, दो चेन, दो जोड़ी कान की बालियां और एक अंगूठी,चांदी के 8 सिक्के और अन्य कीमती सामान शामिल है। रात करीब दो बजे जब परिवार की एक सदस्य की नींद खुली, तो उन्होंने पाया कि कमरा बाहर से बंद है। इसके बाद उन्होंने किसी तरह अन्य सदस्यों को जगाया। जब मां के कमरे में जाकर देखा गया तो वहां सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी।
पुलिस जांच में जुटी, जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाई गश्ती की मांग
घटना की सूचना मिलते ही पोटका थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की सुरागकशी में जुटी है।इधर, क्षेत्र में हुई इस बड़ी चोरी की घटना पर जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल और मुखिया पानो सरदार ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर माल बरामद किया जाए तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि गश्ती (नाइट पेट्रोलिंग) को सख्त किया जाए।
