पटमदा में 10 लाभुकों को सौंपी गई अबुआ आवास की चाबी, 18 महिलाओं को स्वरोजगार के लिए मिले 10-10 हजार रुपये

Views: 3

जमशेदपुर: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत मंगलवार को पटमदा प्रखंड में शुभ गृह प्रवेश सह परिसंपत्ति वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त राजीव रंजन समेत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों एवं प्रमाण पत्रों का वितरण किया। इस दौरान अबुआ आवास योजना के तहत 10 लाभुकों को सांकेतिक रूप से घर की चाबी सौंपी गई। वहीं, फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 18 महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।

अबुआ आवास के 10 लाभुकों को मिला गृह प्रवेश का उपहार

अबुआ आवास योजना के प्रथम चरण में नवनिर्मित घरों में गृह प्रवेश के लिए लावा और लच्छीपुर पंचायत के पांच-पांच, कुल 10 लाभुकों को उपहार के साथ सांकेतिक रूप से घर की चाबी सौंपी गई।इसके अलावा सात लाभुकों को वृद्धावस्था पेंशन प्रमाण पत्र, दो को जाति प्रमाण पत्र और एक लाभुक को आय प्रमाण पत्र दिया गया। फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 18 महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। पांच स्वयं सहायता समूहों को सीसीएल ऋण और किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर गेहूं बीज वितरित किए गए।वहीं, वीबी-जी राम जी योजना के तहत लावा गांव की दो योजनाओं का ऑनलाइन शिलान्यास किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन मेट और पांच श्रमिकों को भी सम्मानित किया गया।

समय पर पूरी हों विकास योजनाएं : उपायुक्त

उपायुक्त राजीव रंजन ने झारखंड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं के कारण निर्माण कार्य समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं। राशि समय पर खर्च नहीं होने से सरकार से अगली किस्त मिलने में भी परेशानी होती है। इसलिए योजनाओं को निर्धारित समय पर पूरा करने के लिए जनप्रतिनिधियों का सहयोग जरूरी है।उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की कठिनाई होने पर सीधे उनसे संपर्क किया जा सकता है। हर योजना में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। पटमदा की कृषि विशेषता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यहां की सब्जियां जमशेदपुर के अलावा दूसरे क्षेत्रों में भी भेजी जाती हैं। यहां के किसान मेहनती हैं और स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं भी कृषि कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।उपायुक्त ने स्कूलों में बच्चों की कम उपस्थिति और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के नहीं पहुंचने पर चिंता जताई। उन्होंने अभिभावकों और स्वयं सहायता समूह की दीदियों से इसमें सुधार के लिए सहयोग की अपील की।

पटमदा सीएचसी में स्त्री रोग विशेषज्ञ की जरूरत

उपायुक्त ने कहा कि पटमदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्त्री रोग विशेषज्ञ की जरूरत है। इसके लिए यहां पदस्थापित चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति रद्द कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि गर्भवती महिलाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।उन्होंने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण पूरा कराने, जर्जर स्कूलों को नया भवन उपलब्ध कराने और गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जाने की बात कही। उन्होंने दोहराया कि विकास योजनाओं को समय पर पूरा करना ही विकास के लक्ष्य को हासिल करने का आधार है।

जिले में करीब चार हजार योजनाओं को मिलेगी स्वीकृति : डीडीसी

उपविकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने कहा कि आवास योजना के तहत लंबित कार्यों को पूरा करने के लिए जनप्रतिनिधियों का सहयोग जरूरी है। वीबी-जी राम जी योजना के तहत पूरे जिले में करीब चार हजार योजनाओं को स्वीकृति दी जाएगी। इच्छुक लोग अपने गांव और पंचायत में ही काम कर सकेंगे, जिससे उन्हें रोजगार के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।उन्होंने पुरानी लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करने और नई योजनाओं को धरातल पर उतारने की अपील की।

अल्ट्रासाउंड मशीन के संचालन के लिए तकनीशियन की मांग

विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।उन्होंने माचा स्थित पटमदा सीएचसी में विधायक मंगल कालिंदी की ओर से उपलब्ध कराई गई अल्ट्रासाउंड मशीन के बेहतर संचालन के लिए तकनीशियन की व्यवस्था करने की मांग उपायुक्त से की।कार्यक्रम में जिला पार्षद प्रदीप बेसरा, प्रखंड प्रमुख बालिका सोरेन, उपप्रमुख श्रीदेवी माझी, 20 सूत्री अध्यक्ष कालीपद महतो, सीओ सह बीडीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास समेत ग्राम प्रधान, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और जेएसएलपीएस के कर्मचारी उपस्थित थे।

More From Author

टाटानगर स्टेशन पुनर्विकास कार्य में तेजी, बर्मामाइंस गेट की ओर निर्माण शुरू

रांची: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का एक और मौका, 18 नवंबर को रांची के सभी बूथों पर लगेगा विशेष कैंप