Views: 2
जमशेदपुर: सोनारी स्थित सीएच एरिया के भूतनाथ मंदिर परिसर में स्थापित नारायणी धाम मंदिर के प्रथम वार्षिकोत्सव पर 22 से 24 नवंबर तक तीन दिवसीय भव्य धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। नारायणी सेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस महोत्सव में श्री सालासर बालाजी महाराज, श्री राणी सती दादीजी एवं श्री खाटू नरेश श्याम बाबा के सानिध्य में विभिन्न धार्मिक और भक्ति कार्यक्रम होंगे। तीनों दिन अखंड ज्योत प्रज्वलन एवं सवामणी सेवा विशेष आकर्षण रहेंगे।मंगलवार को नारायणी धाम परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार और इष्ट-मित्रों के साथ शामिल होकर महोत्सव की शोभा बढ़ाने की अपील की।
22 नवंबर को सुंदरकांड पाठ से होगा महोत्सव का शुभारंभ
महोत्सव का शुभारंभ 22 नवंबर, रविवार को शाम 4 बजे सुंदरकांड पाठ एवं संगीतमय हनुमान चालीसा से होगा। यह कार्यक्रम बर्नपुर के नरसिंहबाण दरबार के परम श्रद्धेय संतोष भाईजी के सानिध्य में आयोजित किया जाएगा। पाठ का वाचन रांची के सुरेश बजाज करेंगे।
23 नवंबर को निकलेगी भव्य निशान यात्रा, संजीव शर्मा करेंगे भजन प्रस्तुति
23 नवंबर, सोमवार को सुबह 8 बजे राजस्थान के सूरजगढ़ निवासी हजारीमल इंदौरिया के सानिध्य में सोनारी राम मंदिर से नारायणी धाम तक भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी। वहीं, रात 8 बजे सोनभद्र (गुप्तकाशी) से पधार रहे सुप्रसिद्ध भजन गायक संजीव शर्मा अपनी भजनों की प्रस्तुति देंगे।
24 नवंबर को होगा राणी सती दादीजी का मंगल पाठ
24 नवंबर, मंगलवार को दोपहर 3 बजे कोलकाता की सुप्रसिद्ध पाठ वाचिका मीतू अग्रवाल श्री राणी सती दादीजी का मंगल पाठ करेंगी। इसी दिन देव दीपावली के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में भव्य दीप प्रज्वलन का आयोजन भी किया जाएगा।संवाददाता सम्मेलन में ट्रस्ट के अध्यक्ष राजकुमार चंदूका, महासचिव राजकुमार संघी, ट्रस्टी सदस्य कैलाश सरायवाला, अनिल नरेड़ी, ललित सरायवाला, राम रतन कांवटिया, अमित अग्रवाल, संदीप मित्तल, चेतन अग्रवाल, अक्षय खेमका और पवन पोद्दार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
20 नवंबर को मनेगा श्री श्याम प्रभु का जन्मोत्सव
नारायणी धाम मंदिर में 20 नवंबर को श्री श्याम प्रभु का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में शाम 7:30 बजे से भव्य भजन संध्या आयोजित होगी। कार्यक्रम में मुंबई से आमंत्रित सुप्रसिद्ध भजन गायक सुदर्शन कुमार अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से बाबा श्याम का गुणगान करेंगे।आयोजकों ने श्रद्धालुओं से परिवार और इष्ट-मित्रों के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा जन्मोत्सव की खुशियों में सहभागी बनने की अपील की है।
