आदित्यपुर: निखिल हत्याकांड के शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर उतरे परिजन, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की का वीडियो वायरल

Views: 3

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चर्चित निखिल हत्याकांड को लेकर मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश बुधवार को सड़क पर फूट पड़ा। हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही कथित देरी के विरोध में परिजनों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया।

सड़क जाम की कोशिश, पुलिस ने संभाली स्थिति

जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ बाहरी लोग भी भीड़ में शामिल हो गए। आरोप है कि उन्होंने लोगों को सड़क जाम करने के लिए उकसाया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आदित्यपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा।पुलिस ने पहले मृतक के परिजनों और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, कुछ लोगों द्वारा हंगामा तेज कर यातायात बाधित करने की कोशिश किए जाने पर पुलिस ने सख्ती दिखाई और उन्हें मौके से हटाया। इसके बाद मुख्य मार्ग पर वाहनों का आवागमन सुचारू कराया गया।

दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार, फरार आरोपी की तलाश जारी

गौरतलब है कि निखिल कुमार डे की हत्या के मामले में आदित्यपुर पुलिस ने पहले ही त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की जानकारी दी गई है। वहीं, मामले का एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।प्रदर्शन के दौरान पुलिस की ओर से लोगों से उनकी मांगें स्पष्ट करने को कहा गया, ताकि कानून के दायरे में उनका समाधान किया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि परिजनों को न्याय की मांग करने का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और आम नागरिकों की आवाजाही बाधित करने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती।फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी और हत्याकांड से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है।

More From Author

आदित्यपुर हत्याकांड का खुलासा: पुराने विवाद में दोस्त की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार