Views: 2
आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्पनापुरी स्थित श्मशान घाट मैदान में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में पुराने विवाद के कारण हत्या करने और वारदात का वीडियो बनाने की बात स्वीकार की है।
17 नवंबर को मिला था युवक का शव
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे कल्पनापुरी स्थित श्मशान घाट मैदान में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक की पहचान निखिल कुमार (करीब 20 वर्ष), पिता रामलाल, निवासी रेलवे लाइन किनारे, मालती बस्ती, आदित्यपुर के रूप में हुई।
पुराने विवाद में हत्या की बात आई सामने
पुलिस की जांच में सामने आया कि निखिल कुमार का पहले कुछ युवकों के साथ विवाद हुआ था। इसी पुराने विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मृतक और आरोपी पहले से एक-दूसरे के दोस्त थे।मामले में पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें गोपेश मुर्मू उर्फ डैनी (20 वर्ष), निवासी हरिओम नगर रोड नंबर-5, इंद्रा बस्ती और अजीत सुरेन उर्फ गुड्डू (करीब 19 वर्ष), निवासी जुगनूडीह, थाना सरायकेला शामिल हैं।
घटना का वीडियो बनाने की बात भी स्वीकार की
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में हत्या की घटना का वीडियो बनाने की बात भी स्वीकार की है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक मोबाइल फोन, मृतक के खून से सना आरोपी का कपड़ा और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस बरामद साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है।
तीसरा आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
मामले में करण सुरेन उर्फ डेले, निवासी शर्मा बस्ती, रेलवे लाइन किनारे, आदित्यपुर फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।छापेमारी दल में आदित्यपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
