बर्मामाइंस थाने में किन्नर और युवक के परिजनों के बीच भिड़ंत, जमकर हुआ हंगामा

Views: 5

जमशेदपुर। बर्मामाइंस थाना परिसर में बुधवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शिव आश्रम निवासी देबू माझी के परिजनों और बबली नामक किन्नर के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और थाने में जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान मारपीट में दोनों पक्षों के कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया।

युवक की मां ने किन्नर पर लगाए गंभीर आरोप

घटना को लेकर देबू की मां पुतुल माझी ने बबली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बबली की गतिविधियों से बस्ती के लोग परेशान हैं। उनके अनुसार, देबू और बबली एक-दूसरे को पहले से जानते हैं। देबू शादीशुदा है, इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क को लेकर परिवार में विवाद चल रहा है। पुतुल माझी का आरोप है कि बबली की वजह से बस्ती में आए दिन विवाद और मारपीट की स्थिति उत्पन्न होती है।

बबली ने युवक और उसके दोस्तों पर लगाया हमला करने का आरोप

दूसरी ओर, बबली ने पुतुल माझी के आरोपों को गलत बताते हुए देबू पर जबरदस्ती और अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया। बबली का कहना है कि दीपावली की रात जुआ खेलने का विरोध करने पर देबू और उसके दोस्तों ने उसके भाई को धमकी दी थी।उसके अनुसार, बुधवार को उसका भाई एक दोस्त के साथ घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान देबू अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और रॉड तथा हेलमेट से हमला कर दिया। इस घटना में उसका भाई और उसका दोस्त घायल हो गए।

पुलिस के हस्तक्षेप से शांत हुआ विवाद

घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग बर्मामाइंस थाना पहुंचे थे, जहां आपसी विवाद बढ़ने से हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया। फिलहाल दोनों पक्ष एक-दूसरे पर मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोप लगा रहे हैं। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।

More From Author

आदित्यपुर: निखिल हत्याकांड के शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर उतरे परिजन, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की का वीडियो वायरल

जमशेदपुर सिक्का संग्रहालय में इतिहास से रूबरू हो रहे स्कूली बच्चे, 30 नवंबर तक चलेगी विशेष प्रदर्शनी