जमशेदपुर सिक्का संग्रहालय में इतिहास से रूबरू हो रहे स्कूली बच्चे, 30 नवंबर तक चलेगी विशेष प्रदर्शनी

Views: 9

जमशेदपुर: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर साकची स्थित जमशेदपुर सिक्का संग्रहालय (मुद्रा संग्रहालय) में आयोजित विशेष मुद्रा एवं डाक टिकट प्रदर्शनी बच्चों के लिए इतिहास की जीवंत पाठशाला बन गई है। 14 नवंबर से शुरू हुई यह प्रदर्शनी 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसमें जमशेदपुर के विभिन्न विद्यालयों के बच्चे पहुंचकर अपनी संस्कृति, इतिहास और महापुरुषों के बारे में जानकारी हासिल कर रहे हैं।इसी क्रम में बुधवार को राजेंद्र विद्यालय की कक्षा 4 के सेक्शन A, B, C और D के विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का भ्रमण किया। बच्चों ने चाचा नेहरू और भगवान बिरसा मुंडा पर जारी विशेष सिक्कों और डाक टिकटों को बड़े ध्यान से देखा और उनके बारे में जानकारी प्राप्त की।

सिक्कों के जरिए बच्चों ने समझा इतिहास का सफर

प्रदर्शनी में केवल सिक्के प्रदर्शित नहीं किए गए हैं, बल्कि उनके पीछे छिपी ऐतिहासिक कहानियों से भी बच्चों को परिचित कराया जा रहा है। कॉइन कलेक्टर्स क्लब के जनरल सेक्रेटरी प्रेम पीयूष कुमार ने विद्यार्थियों को बताया कि प्राचीन काल में पंचमार्क सिक्कों के जरिए लेन-देन कैसे होता था और समय के साथ मुद्रा का स्वरूप बदलते हुए आधुनिक सिक्कों तक कैसे पहुंचा।बच्चों ने जाना कि 15 नवंबर केवल झारखंड स्थापना दिवस ही नहीं, बल्कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती भी है। वहीं, 14 नवंबर को देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर बाल दिवस मनाया जाता है।प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि सिक्कों पर बने चित्र, प्रतीक और लिखावट से उस दौर के राजा, धर्म, कला और अर्थव्यवस्था के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलती हैं।

झारखंड-बिहार का अनोखा निजी सिक्का संग्रहालय

साकची के स्ट्रेट माइल रोड पर स्थित जमशेदपुर सिक्का संग्रहालय को झारखंड-बिहार का इकलौता और देश का एकमात्र निजी सिक्का संग्रहालय माना जाता है। यहां विभिन्न कालखंडों के सिक्कों और डाक टिकटों के माध्यम से इतिहास को करीब से जानने का अवसर मिलता है।कॉइन कलेक्टर्स क्लब का मानना है कि किताबों में पढ़ा इतिहास बच्चे कई बार जल्दी भूल जाते हैं, लेकिन जब वे सिक्कों को देखते हैं, उनके बारे में सुनते हैं और उनकी कहानियां समझते हैं, तो जानकारी लंबे समय तक याद रहती है।

बच्चों को इतिहास, अर्थव्यवस्था और कला की मिल रही जानकारी

प्रदर्शनी के भ्रमण से बच्चों को कई विषयों की व्यावहारिक जानकारी मिल रही है। इसके पांच प्रमुख फायदे बताए गए हैं जो की इस प्रकार है: –

  1. इतिहास की जानकारी: 16 महाजनपदों से लेकर आधुनिक भारत तक के सिक्कों को देखकर बच्चे अलग-अलग राजाओं और साम्राज्यों के बारे में जान रहे हैं।
  2. अर्थव्यवस्था की समझ: वस्तु विनिमय की व्यवस्था से धातु के सिक्कों, कागज के नोटों और डिजिटल भुगतान तक मुद्रा के विकास को समझ रहे हैं।
  3. धातु विज्ञान और कला: सोने, चांदी, तांबे, लोहे और पत्थर से बने सिक्कों के जरिए धातुओं और प्राचीन कारीगरी की जानकारी मिल रही है।
  4. अपनी संस्कृति से जुड़ाव: भगवान बिरसा मुंडा जैसे महापुरुषों पर जारी सिक्कों और डाक टिकटों को देखकर बच्चों में झारखंड के इतिहास और विरासत के प्रति गर्व बढ़ रहा है।
  5. नए शौक का विकास: सिक्के जमा करने यानी न्यूमिस्मैटिक्स के प्रति रुचि बच्चों में धैर्य, शोध और संग्रह करने की आदत विकसित कर सकती है।

बच्चों को उपहार में दिए गए सिक्के और टॉफियां

प्रदर्शनी के दौरान कॉइन कलेक्टर्स क्लब के जनरल सेक्रेटरी प्रेम पीयूष कुमार ने सभी बच्चों को उपहार स्वरूप सिक्के और टॉफियां दीं। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए एक छोटी कार्यशाला भी आयोजित की, जिसमें सिक्कों की पहचान करने और उन्हें सुरक्षित रखने के तरीके बताए गए।उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। कई विद्यार्थियों ने कहा कि अब वे भी अपने घरों में पुराने सिक्कों को संभालकर रखेंगे और उनके इतिहास के बारे में जानने की कोशिश करेंगे।

30 नवंबर तक सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक खुली रहेगी प्रदर्शनी

कॉइन कलेक्टर्स क्लब की ओर से जमशेदपुर के सभी विद्यालयों से अपील की गई है कि वे 30 नवंबर 2026 से पहले अपने विद्यार्थियों को इस प्रदर्शनी का भ्रमण जरूर कराएं। प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक आमंत्रित विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध रहेगी।आयोजकों का उद्देश्य बच्चों को किताबों से आगे बढ़कर इतिहास, संस्कृति और विरासत को करीब से समझने का अवसर देना है।

More From Author

बर्मामाइंस थाने में किन्नर और युवक के परिजनों के बीच भिड़ंत, जमकर हुआ हंगामा

रांची में पैसे के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार