जमशेदपुर में 26 नवंबर को होगी एयर रेड और ब्लैक आउट मॉक ड्रिल, साकची रेड क्रॉस भवन में तैयारी

Views: 1

जमशेदपुर: शहर में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को परखने के लिए आगामी 26 नवंबर को सिविल डिफेंस की ओर से एयर रेड एवं ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास साकची स्थित रेड क्रॉस भवन परिसर में होगा। इसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई।

हवाई हमले की चेतावनी के बाद शुरू होगा बचाव अभियान

बैठक में मॉक ड्रिल की रूपरेखा तैयार करने के साथ विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और आपसी समन्वय पर चर्चा की गई। अधिकारियों को बताया गया कि सेंट्रल आरसीडीसी, कोलकाता से संभावित हवाई हमले की सूचना मिलने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत एयर रेड चेतावनी सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद संबंधित विभागों की टीमें मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार बचाव एवं राहत कार्य शुरू करेंगी।

घायलों को सुरक्षित निकालने और चिकित्सा व्यवस्था का होगा परीक्षण

मॉक ड्रिल के दौरान रेस्क्यू टीम की सक्रियता, घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था का परीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही अलग-अलग एजेंसियों के बीच तालमेल और उपलब्ध संसाधनों की स्थिति भी परखी जाएगी।

निर्मल भवन को बनाया जाएगा शेल्टर हाउस

उपायुक्त राजीव रंजन ने सभी संबंधित अधिकारियों को समय रहते तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने बचाव दल की आवाजाही, चिकित्सा सुविधाओं और राहत कार्यों की व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मॉक ड्रिल के दौरान निर्मल भवन को शेल्टर हाउस के रूप में चिह्नित किया गया है। बैठक में वहां जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर भी चर्चा की गई।

कई विभाग और एजेंसियां लेंगी हिस्सा

इस अभ्यास में जिला प्रशासन, पुलिस, सिविल डिफेंस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग सहित अन्य संबंधित एजेंसियां शामिल होंगी। इसका मुख्य उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना और बचाव एवं राहत कार्यों की प्रभावशीलता को परखना है।बैठक में एसडीएम धालभूम, अपर उपायुक्त, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, एडीएम एसओआर, जिला परिवहन पदाधिकारी, डीएसपी ट्रैफिक, सिविल डिफेंस के पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

More From Author

पोटका में 70 करोड़ की लागत से बनेगा 220/132 केवी ग्रिड सब-स्टेशन, 12 माह में पूरा होगा निर्माण

जमशेदपुर: चर्च स्कूल बेल्डीह में वार्षिक विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाए नवाचार और रचनात्मकता के रंग