
जमशेदपुर। लोक आस्था का महापर्व छठ की शुरुआत कल नहाय-खाय के साथ होने जा रही है। इससे ठीक पहले, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू ने अपने विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाले सभी नदी घाटों का गहन निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान विधायक ने कई घाटों पर तैयारियों में कुछ कमियाँ देखीं।
नगर आयुक्त को फोन पर दिया निर्देश
छठ घाटों पर साफ-सफाई का कार्य अधूरा पाए जाने पर विधायक पूर्णिमा दास साहू ने तत्काल जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमिटी (JNAC) के नगर आयुक्त कृष्णा कुमार को फोन किया और उन घाटों की जल्द साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।विधायक साहू ने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी किनारे कुल 11 छठ घाट आते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ जगहों पर तो साफ-सफाई का काम संतोषजनक रूप से हो रहा है, लेकिन कुछ छठ घाटों में सफाई का काम अब भी अधूरा है।जिसको लेकर संबंधित अधिकारी को इसकी सूचना दे दी गई है।
राज्य सरकार से मैन पावर बढ़ाने की मांग
पूर्णिमा दास साहू ने राज्य सरकार से मांग की है कि मैन पावर (कर्मचारियों) को लगाकर जल्द से जल्द सभी घाटों की साफ-सफाई समय पर पूरी की जा सके, ताकि व्रतियों को सुविधा हो।उन्होंने क्षेत्र के श्रद्धालुओं को आश्वस्त किया कि सभी छठ घाटों पर सुरक्षा से लेकर लाइटिंग की पूरी व्यवस्था की जाएगी, ताकि व्रतधारियों को किसी प्रकार की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। विधायक की सक्रियता से उम्मीद है कि छठ महापर्व से पूर्व सभी घाट पूरी तरह से तैयार हो जाएंगे।
