Views: 0
आदित्यपुर। एनआईटी जमशेदपुर में ग्रेडिंग सिस्टम को लेकर सोमवार को छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। तीसरे सेमेस्टर के बड़ी संख्या में छात्र वर्तमान ग्रेडिंग व्यवस्था में बदलाव की मांग को लेकर संस्थान के मुख्य प्रशासनिक भवन के सामने धरने पर बैठ गए। देर रात तक प्रदर्शन जारी रहने की सूचना पर आरआईटी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। हालांकि, छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे और लिखित आश्वासन मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
मौखिक आश्वासन से संतुष्ट नहीं छात्र
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि वर्तमान ग्रेडिंग सिस्टम उनके अनुकूल नहीं है और इसमें बदलाव किया जाना चाहिए। छात्र संस्थान प्रबंधन से इस संबंध में लिखित आश्वासन चाहते हैं।मांग को लेकर छात्र प्रतिनिधियों और प्रबंधन के बीच वार्ता हुई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। छात्रों ने स्पष्ट किया कि केवल मौखिक भरोसे से वे प्रदर्शन समाप्त नहीं करेंगे। जब तक उनकी मांगों पर लिखित आश्वासन नहीं मिलता, धरना जारी रहेगा।
सीनेट की मंजूरी के बाद ही संभव होगा बदलाव : प्रबंधन
संस्थान प्रबंधन का कहना है कि ग्रेडिंग सिस्टम में बदलाव का प्रस्ताव सीनेट से पारित होने और सर्वसम्मति से निर्णय लिए जाने के बाद ही अगले सेमेस्टर से लागू किया जा सकता है।प्रबंधन के अनुसार, फिलहाल संस्थान के निदेशक अवकाश पर हैं। ऐसे में निदेशक अथवा सीनेट की मंजूरी के बिना ग्रेडिंग व्यवस्था में बदलाव को लेकर लिखित आश्वासन देना संभव नहीं है।
देर रात तक प्रशासनिक भवन के सामने डटे रहे छात्र
प्रबंधन के तर्कों से असंतुष्ट छात्र मुख्य प्रशासनिक भवन के सामने धरने पर बैठे रहे। देर रात तक छात्रों और संस्थान प्रबंधन के बीच गतिरोध बना हुआ था। छात्रों की मांग और प्रबंधन की प्रक्रिया संबंधी दलीलों के बीच सहमति नहीं बन पाने से मामला अनसुलझा रहा।
