Views: 3
जमशेदपुर : टाटा स्टील ने अपनी प्रतिष्ठित वार्षिक बी-स्कूल बिजनेस प्रतियोगिता ‘स्टील-ए-थॉन’ के 13वें सीजन के विजेताओं की घोषणा कर दी है। इस वर्ष प्रतियोगिता में देश के प्रमुख प्रबंधन संस्थानों से 12,700 से अधिक पंजीकरण हुए, जो अब तक की सर्वाधिक भागीदारी है। एक्सएलआरआई जमशेदपुर की ‘टीम इन द नॉर्थ’ ने मार्केटिंग एवं सेल्स श्रेणी में तीसरा स्थान हासिल कर शहर का नाम रोशन किया।प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 21 नवंबर को कोलकाता में आयोजित किया गया। ‘शेपिंग टुमॉरो’ थीम पर आधारित इस प्रतियोगिता में एमबीए विद्यार्थियों को टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में वास्तविक व्यावसायिक चुनौतियों का समाधान तलाशने का अवसर मिला।
तीन श्रेणियों में आयोजित हुई प्रतियोगिता, फाइनल में पहुंचीं 19 टीमें
प्रतियोगिता में मार्केटिंग एवं सेल्स, सप्लाई चेन एवं प्रोक्योरमेंट तथा मानव संसाधन की तीन श्रेणियां रखी गई थीं। प्रतिभागियों के सामने कुल 18 व्यावसायिक केस स्टडी प्रस्तुत की गईं। इनमें टाटा स्टील के नीदरलैंड्स और ब्रिटेन स्थित कारोबार से जुड़ी चुनौतियां भी शामिल थीं।विभिन्न चरणों की मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद 125 टीमों का चयन प्री-फिनाले के लिए किया गया। इनमें से केवल 19 टीमें ही राष्ट्रीय स्तर के फाइनल तक पहुंच सकीं।
आईआईटी दिल्ली, आईआईटी बॉम्बे और एमडीआई गुरुग्राम ने हासिल किए शीर्ष स्थान
मार्केटिंग एवं सेल्स श्रेणी में आईआईटी दिल्ली की ‘टीम सेपियंस’ ने पहला स्थान हासिल किया। आईआईएम कोझिकोड की ‘माइंड्स ऑफ स्टील’ दूसरे स्थान पर रही, जबकि एक्सएलआरआई जमशेदपुर की ‘टीम इन द नॉर्थ’ ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।सप्लाई चेन एवं प्रोक्योरमेंट श्रेणी में आईआईटी बॉम्बे ने पहला, आईआईएम कोझिकोड ने दूसरा और एक्सआईएम भुवनेश्वर ने तीसरा स्थान हासिल किया।वहीं, मानव संसाधन श्रेणी में एमडीआई गुरुग्राम की टीमों ने पहले और दूसरे स्थान पर कब्जा जमाया, जबकि आईआईएम कोझिकोड की टीम तीसरे स्थान पर रही।
विजेताओं को नौकरी के अवसर भी मिले
प्रतियोगिता में नकद पुरस्कारों के साथ पात्रता मानदंडों के आधार पर प्री-प्लेसमेंट ऑफर (पीपीओ) और प्री-प्लेसमेंट इंटरव्यू (पीपीआई) के अवसर भी प्रदान किए गए। इस वर्ष तकनीक आधारित मूल्यांकन प्रक्रिया के जरिए विद्यार्थियों की व्यावसायिक समझ, विश्लेषण क्षमता, समस्या समाधान और निर्णय लेने की योग्यता को भी परखा गया।टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (ग्रुप स्ट्रैटेजिक प्रोक्योरमेंट एंड बिजनेस एक्सीलेंस) पीयूष गुप्ता ने कहा कि इस्पात कारोबार का भविष्य केवल बोर्डरूम में तय नहीं होगा, बल्कि ऐसे प्रतिभाशाली युवा भी इसे आकार देंगे, जो व्यावसायिक चुनौतियों को अलग-अलग दृष्टिकोण से समझने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 13 वर्षों से स्टील-ए-थॉन प्रतिभाओं की पहचान और सीखने का एक महत्वपूर्ण मंच बना हुआ है।
तीन संस्थानों को पहली बार मिला कैंपस एक्सीलेंस अवार्ड
इस वर्ष टाटा स्टील ने पहली बार ‘कैंपस एक्सीलेंस अवार्ड्स’ की शुरुआत की। इसके तहत सर्वाधिक सक्रिय भागीदारी के लिए एक्सआईएम भुवनेश्वर को ‘कैंपस कैटेलिस्ट अवार्ड’ प्रदान किया गया।विभिन्न श्रेणियों में शीर्ष स्थान हासिल करने के लिए एमडीआई गुरुग्राम को ‘टैलेंट पावरहाउस अवार्ड’ और समग्र उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आईआईएम कोझिकोड को ‘समिट ऑफ एक्सीलेंस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।स्टील-ए-थॉन के माध्यम से टाटा स्टील उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच संबंधों को मजबूत करने के साथ भविष्य के प्रबंधन नेतृत्व के लिए प्रतिभाशाली युवाओं की पहचान कर रही है।
