सीएसआईआर-एनएमएल के 77वें स्थापना दिवस पर बोले राज्यपाल- स्वदेशी तकनीक और अनुसंधान औद्योगिक विकास की कुंजी

Views: 2

जमशेदपुर : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला की सात दशकों से अधिक की गौरवशाली यात्रा देश के वैज्ञानिक और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान का प्रतीक है। लोहनगरी जमशेदपुर की पहचान उद्योग, परिश्रम और तकनीकी विकास से जुड़ी है। ऐसे औद्योगिक शहर में राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला जैसी प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्था की मौजूदगी विशेष महत्व रखती है। पिछले 76 वर्षों में इस संस्थान ने खनिज, धातु और पदार्थ विज्ञान के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।गुरुवार को सीएसआईआर-एनएमएल के 77वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए राज्यपाल ने संस्थान के वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, कर्मचारियों और इससे जुड़े सभी लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों के अनुसंधान, प्रयोगों और नई तकनीकों ने देश के औद्योगिक विकास को मजबूती प्रदान की है। यह उपलब्धि संस्थान से जुड़े लोगों की प्रतिभा, लगन और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।

खनिज और धातु अनुसंधान में एनएमएलका महत्वपूर्ण योगदान

राज्यपाल ने कहा कि संस्थान में खनिजों से उपयोगी पदार्थ प्राप्त करने, मजबूत और टिकाऊ धातुओं एवं सामग्रियों का विकास करने तथा उद्योगों से निकलने वाले पदार्थों के पुनः उपयोग जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। आधुनिक उद्योगों और रक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण खनिजों एवं विशेष धातुओं की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में स्वदेशी तकनीक विकसित करने और प्राकृतिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने में वैज्ञानिकों की भूमिका अहम है।

सेमीकंडक्टर क्षेत्र में नई सामग्रियों का विकास जरूरी

सेमीकंडक्टर तकनीक का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि मोबाइल फोन, कंप्यूटर, कार, रक्षा उपकरण और आधुनिक मशीनों में इनका व्यापक उपयोग होता है। इनके निर्माण के लिए विशेष प्रकार की सामग्रियों की आवश्यकता होती है। भारत इस क्षेत्र में अपनी वैज्ञानिक और तकनीकी क्षमता को मजबूत कर रहा है। नई और बेहतर सामग्रियों का विकास इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

‘जय विज्ञान, जय अनुसंधान’ से मिल रही नई दिशा

राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और नवाचार के माध्यम से देश को नई दिशा मिल रही है। प्रधानमंत्री का मंत्र ‘जय विज्ञान, जय अनुसंधान’ वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को नई खोजों के लिए प्रेरित करता है। भारत का लक्ष्य विश्वस्तरीय अनुसंधान, स्वदेशी तकनीक का विकास और भारतीय नवाचारों का लाभ पूरी दुनिया तक पहुंचाना है।उन्होंने कहा कि जब प्रयोगशालाओं में विकसित तकनीक उद्योगों तक पहुंचती है, तो उत्पादन की गुणवत्ता बढ़ती है, रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं और अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। अनुसंधान से प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग, पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक विकास के नए रास्ते भी खुलते हैं।

युवा वैज्ञानिकों से बड़े सपने देखने और नए प्रयोग करने का आह्वान

युवा वैज्ञानिकों और शोधार्थियों का आह्वान करते हुए राज्यपाल ने कहा कि वे बड़े सपने देखें और नए विचारों के साथ आगे बढ़ें। अपनी जिज्ञासा को अनुसंधान की शक्ति बनाएं। उनकी कल्पनाशीलता, प्रतिभा और परिश्रम ही भविष्य की नई खोजों का आधार है। आज प्रयोगशालाओं में विकसित तकनीक कल देश की औद्योगिक शक्ति और वैज्ञानिक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई दे सकती है।

एनएमएल के उज्ज्वल भविष्य की कामना

राज्यपाल ने विश्वास जताया कि सीएसआईआर-एनएमएल आने वाले वर्षों में अनुसंधान, नवाचार और स्वदेशी तकनीक के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा। उद्योगों, विश्वविद्यालयों और अन्य अनुसंधान संस्थानों के साथ इसका सहयोग और मजबूत होगा। यहां विकसित तकनीकों का लाभ देश के व्यापक औद्योगिक विकास को मिलेगा। अंत में उन्होंने संस्थान की निरंतर वैज्ञानिक उपलब्धियों और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

More From Author

आरडी टाटा टेक्निकल एजुकेशन सेंटर में पहली बार टेक फेस्ट, 43 शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी दिखा रहे तकनीकी प्रतिभा