
जमशेदपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जमशेदपुर पुलिस प्रशासन ने अपनी मुस्तैदी बढ़ा दी है।शनिवार को जिला पुलिस कप्तान के निर्देश पर पुलिस कंट्रोल रूम से बाइक पेट्रोलिंग टीम को विशेष रूप से रवाना किया गया। नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) कुमार शिवाशीष ने हरी झंडी दिखाकर इस पेट्रोलिंग पार्टी को रवाना किया।
सादे लिबास में तैनात रहेंगे जवान
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि छठ पर्व में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने को लेकर यह बाइक पेट्रोलिंग टीम प्रतिनियुक्त की गई है।उन्होंने बताया कि पेट्रोलिंग टीम के सभी जवान सादे लिबास में विभिन्न छठ घाटों एवं चौराहों पर मुस्तैद रहेंगे, ताकि अपराधियों पर नजर रखी जा सके।रवानगी से पूर्व उन्होंने पेट्रोलिंग पार्टी को जरूरी दिशा-निर्देश दिए और पर्व के दौरान लोगों से शालीनतापूर्वक पेश आने को कहा। सिटी एसपी ने यह भी बताया कि पूरी टीम का नेतृत्व पुलिस कंट्रोल रूम से किया जाएगा और इसके लिए डीएसपी स्तर के अधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है।
