
सरायकेला। सरायकेला जिले के सीनी-उकरी मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। डांगरडीह गांव के समीप एक अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार युवक रोशन हाईबुरु (25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया।
सिर में आई गंभीर चोट
घटना रविवार की सुबह करीब 11 बजे की है। जानकारी के अनुसार, रोशन हाईबुरु खरसावां थाना अंतर्गत रीडिंग पंचायत के पतपत गांव का निवासी है। वह अपनी बाइक (जेएच 05 डीजेड 5739) से गम्हरिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान डांगरडीह के समीप वह अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। इस घटना में युवक के सिर में गंभीर चोट आई है।
प्राथमिक उपचार के बाद एमजीएम रेफर
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायल युवक को तत्काल सदर अस्पताल सरायकेला लाया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (एमजीएम), जमशेदपुर रेफर कर दिया गया।पुलिस अब उस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है जिसने इस दुर्घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।
