
चांडिल । चांडिल थाना क्षेत्र के शहरबेड़ा स्वर्णरेखा नदी छठ घाट पर सोमवार शाम हुए दुखद हादसे के बाद मंगलवार सुबह दूसरे व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया है। 17 घंटे से अधिक समय तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे डूबे हुए आदित्यपुर निवासी संजय यादव (45 ) के शव को नदी से बाहर निकाला गया।गौरतलब है कि सोमवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान तीन युवक गहरे पानी में डूब गए थे। जिनमें से एक किशोर का शव पहले ही निकाला जा चुका था।
तीसरे लापता युवक की तलाश जारी
दूसरे शव की बरामदगी के बाद भी रेस्क्यू ऑपरेशन अभी समाप्त नहीं हुआ है। एनडीआरएफ (NDRF) की टीम अभी भी लापता तीसरे युवक प्रतीक यादव की तलाश में जुटी हुई है। प्रतीक यादव को ढूंढने के लिए टीम आधुनिक उपकरणों का उपयोग करते हुए नदी के गहरे हिस्सों में छानबीन कर रही है।इस दुखद घटना से छठ महापर्व के दौरान पूरे चांडिल और आदित्यपुर इलाके में शोक और गम का माहौल है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
