
चाईबासा । पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा में मंगलवार की रात एक भीषण अग्निकांड में बाइक गैराज पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस हादसे में गैराज में रखी 9 बाइकें, मोबिल के कार्टन, नए टायर, और अन्य पार्ट्स समेत लाखों रुपये का सामान स्वाहा हो गया। घटना गोइलकेरा ग्रिड के पास पीटर ढाबा के ठीक बगल में स्थित बाइक गैराज में हुई, जो आमझरन गांव के रहने वाले बाइक मैकेनिक नमन बोदरा की है।
रात सवा नौ बजे उठने लगा धुआं
घटना रात करीब सवा नौ बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पास के होटल में खाना खा रहे लोगों ने अचानक गैराज से धुआं उठते देखा। जब वे नजदीक पहुंचे तो पूरी दुकान आग की लपटों में घिरी थी। तुरंत पुलिस और गैराज मालिक को सूचना दी गई, लेकिन तब तक आग इतनी फैल चुकी थी कि उसे काबू करना मुश्किल हो गया।दुकान में रखे मोबिल ऑयल के कार्टन और रबर के टायरों ने आग को और भड़का दिया। कुछ ही मिनटों में पूरी गैराज जलकर खाक हो गई।
दमकल पहुंचने तक सबकुछ जल चुका था
सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक कुमार और थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी।हालांकि, चक्रधरपुर से फायर ब्रिगेड वाहन के पहुंचने से पहले ही गैराज का लगभग सारा सामान जल चुका था। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे गोइलकेरा बाजार क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कराई ताकि आग शॉर्ट सर्किट से और न फैले।
पेट्रोल पंप के पास होने से बढ़ी चिंता
गैराज से महज 100 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप होने के कारण स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी। पेट्रोल पंप के पास आग फैलने का खतरा देखते हुए प्रशासन और स्थानीय लोग तुरंत सक्रिय हो गए। पेट्रोल पंप के सभी वॉल्व बंद कर दिए गए और आसपास की दुकानों से लोगों ने अपने सामान को बाहर निकाल लिया। इससे आग को फैलने से रोकने में मदद मिली।
देर रात 11 बजे बुझी आग
करीब 11 बजे दमकल वाहन के मौके पर पहुंचने के बाद पानी की बौछारों से आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक गैराज पूरी तरह जल चुकी थी।इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन गैराज मालिक नमन बोदरा को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
प्रशासन ने की अपील
थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है। उन्होंने सभी दुकानदारों से बिजली उपकरणों की सुरक्षा जांच नियमित रूप से करने और अग्निशमन सिलेंडर रखने की अपील की है।
