
चांडिल। नीमडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत चांडिल-पुरुलिया हाइवे पर स्थित तेतलो टोल प्लाजा के पास शनिवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन के धक्के से बाइक सवार जांता निवासी 25 वर्षीय युवक सूरज दास गंभीर रूप से घायल हो गया।जानकारी के मुताबिक, सूरज दास जमशेदपुर में अपनी ड्यूटी पूरी कर वापस अपने घर जांता लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सूरज दास के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
नीमडीह सीएचसी से एमजीएम रेफर
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत एम्बुलेंस से नीमडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया।सीएचसी में चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार करने के बाद, उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।नीमडीह पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और चालक का पता लगाने के लिए मामले की छानबीन कर रही है।
