
चाईबासा। चाईबासा के युवा मेधावी छात्र लक्ष्य अग्रवाल ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) की प्रतिष्ठित परीक्षा में अपने प्रथम प्रयास में ही संपूर्ण भारत में 14वां स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार का, बल्कि पूरे शहर का नाम रौशन किया है।इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर जायंट्स ग्रुप ऑफ़ चाईबासा द्वारा लक्ष्य अग्रवाल को सम्मानित करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लक्ष्य अग्रवाल, जो जायंट्स ग्रुप के सदस्य राजेश अग्रवाल के सुपुत्र हैं, को स्मार पत्र और पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया गया।
छोटे शहरों के युवा भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं
इस अवसर पर उपस्थित जायंट्स परिवार के सभी सदस्यों ने लक्ष्य के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर गर्व व्यक्त किया। सभी ने पूरे परिवार को मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा लक्ष्य के उज्जवल भविष्य की कामना की।फेडरेशन अध्यक्ष दीपक शर्मा ने लक्ष्य की सफलता पर टिप्पणी करते हुए कहा “लक्ष्य अग्रवाल की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे चाईबासा के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने यह सिद्ध किया है कि अगर लक्ष्य ऊँचा हो और निष्ठा अटूट हो, तो सफलता निश्चित है।”वहीं, ग्रुप अध्यक्ष पम्मी शर्मा ने कहा लक्ष्य ने अपने परिश्रम से यह सिद्ध किया है कि छोटे शहरों के युवा भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। जायंट्स परिवार को उन पर गर्व है।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
लक्ष्य अग्रवाल के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम में जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन फेडरेशन 8 के अध्यक्ष दीपक शर्मा, फेडरेशन पदाधिकारी आफताब आलम, जायंट्स ग्रुप ऑफ़ चाईबासा की अध्यक्ष पम्मी शर्मा, उपाध्यक्ष रश्मि सिंहा, सचिव अमितवा सरकार, विष्णु भूत एवं सत्येंद्र कुमार सहित जायंट्स परिवार के कई सदस्य उपस्थित थे।
