रांची:झारखंड पुलिस महानिदेशक (DGP) के पद को लेकर राज्य में बड़ी प्रशासनिक फेरबदल हुई है। DGP अनुराग गुप्ता के ऐच्छिक सेवानिवृत्ति के आवेदन को राज्य सरकार ने आखिरकार स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही, सरकार ने तत्काल प्रभाव से झारखंड की नई प्रभारी DGP की नियुक्ति कर दी है।
अनुराग गुप्ता का VRS स्वीकार
DGP अनुराग गुप्ता के इस्तीफे की खबरें कल (बुधवार) से ही चर्चा में थीं, हालांकि उस समय किसी आधिकारिक बयान की पुष्टि नहीं हुई थी। अब यह स्पष्ट हो गया है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने गुरुवार देर रात इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए, अनुराग गुप्ता के VRS आवेदन को स्वीकार किए जाने की पुष्टि कर दी है।अनुराग गुप्ता के अचानक इस्तीफे के पीछे के कारणों पर अभी भी अधिकृत तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गई है।
तदाशा मिश्रा बनीं झारखंड की नई प्रभारी DGP
अनुराग गुप्ता के पद छोड़ने के बाद, राज्य सरकार ने बिना किसी देरी के तदाशा मिश्रा को झारखंड का नया प्रभारी डीजीपी नियुक्त करने का अहम निर्णय लिया है। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, तदाशा मिश्रा अब झारखंड पुलिस की कमान संभालेंगी।प्रभारी डीजीपी बनाए जाने से पहले, तदाशा मिश्रा गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थीं।तदाशा मिश्रा भारतीय पुलिस सेवा की 1994 बैच की वरिष्ठ अधिकारी हैं। अपने करियर में, वह कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं।राज्य सरकार द्वारा नई प्रभारी डीजीपी की नियुक्ति के बाद अब यह देखना होगा कि नियमित डीजीपी की नियुक्ति को लेकर संघ लोक सेवा आयोग के पास कब तक पैनल भेजा जाता है। फिलहाल तदाशा मिश्रा के कंधों पर राज्य की पुलिस व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने की बड़ी जिम्मेदारी आ गई है।
