
जमशेदपुर। शहर में सोमवार दोपहर अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया।बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित कैनरा बैंक के पास टाटा कमिंस और टाटा मोटर्स के ठेकेदार एपी सिंह के ऑफिस में घुसे हथियारबंद बदमाशों ने लेबर पेमेंट के लिए रखे करीब 10 लाख रुपये लूट लिए।वारदात के बाद अपराधी बाइक से फरार हो गए, जबकि जाते-जाते उन्होंने हवाई फायरिंग भी की।
कैश ले रहे थे स्टाफ, तभी पहुंच गए बदमाश
सूत्रों के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2 बजे ऑफिस में लेबर पेमेंट के लिए नकद लेनदेन चल रहा था।इसी दौरान तीन हथियारबंद अपराधी बाइक से पहुंचे और ऑफिस में घुसते ही स्टाफ को बंदूक की नोक पर धमका दिया।उन्होंने टेबल पर रखा कैश बैग छीन लिया और मौके से भाग निकले।बताया जाता है कि लूट के दौरान ऑफिस में मौजूद स्टाफ भयभीत हो गए और विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
फरार होते समय अपराधियों ने की फायरिंग
लूट के बाद बदमाशों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की और तेजी से भाग निकले।घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया।लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बिरसानगर थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके का मुआयना किया और ऑफिस के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है।साथ ही आसपास के इलाकों में नाका जांच और बाइक सवार संदिग्धों की तलाशी भी तेज कर दी गई है।
वारदात से व्यापारिक समुदाय में दहशत
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की वारदात से बिरसानगर और आसपास के व्यापारिक क्षेत्रों में दहशत फैल गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और दिन के उजाले में हथियार लहराकर लूट की घटना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है।
