जमशेदपुर: ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत करीम सिटी कॉलेज में जल संवाद, 200 से अधिक छात्रों को वर्षा जल संचयन का दिया गया प्रशिक्षण

जमशेदपुर के मानगो स्थित करीम सिटी कॉलेज में सोमवार को मानगो नगर निगम द्वारा ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत ‘जल संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं के साथ महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण और अन्य संकाय सदस्यों ने भाग लिया।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को वर्षा जल संचयन और भूजल पुनर्भरण के महत्व, आवश्यकता और तकनीकी पहलुओं के प्रति जागरूक करना था।

विशेषज्ञों ने बताया जल संरक्षण का महत्व

कार्यक्रम में मानगो नगर निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर एवं आईईसी एक्सपर्ट श्रेयांश ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए वर्षा जल संचयन की आवश्यकता, इसके पर्यावरणीय एवं सामाजिक लाभ तथा भविष्य में बढ़ते जल संकट से निपटने में इसकी भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। छात्रों के सवालों का जवाब देते हुए उन्हें जल संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का कराया गया प्रदर्शन

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कॉलेज परिसर में स्थापित रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया गया। उन्हें बताया गया कि किस प्रकार वर्षा के पानी को वैज्ञानिक तरीके से एकत्रित कर भूजल पुनर्भरण किया जाता है और यह प्रणाली जल संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

भवन मालिकों से रेन वाटर हार्वेस्टिंग अपनाने की अपील

मानगो नगर निगम ने नागरिकों से अपील की कि जो लोग अपने घर या भवन में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाना चाहते हैं, वे नगर निगम से संपर्क कर सकते हैं। निगम की अभियंता टीम उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगी।नगर निगम ने यह भी बताया कि भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करना आवश्यक है। इसके साथ ही इस प्रणाली को अपनाने पर होल्डिंग टैक्स पर लगने वाले अतिरिक्त जुर्माने से भी बचा जा सकता है। निगम ने सभी पात्र भवन स्वामियों से शीघ्र इस व्यवस्था को अपनाने की अपील की।

शिक्षकों ने की पहल की सराहना

कार्यक्रम के सफल आयोजन में करीम सिटी कॉलेज के प्रिंसिपल इंचार्ज मोहम्मद शाहनवाज, बलराम पोद्दार, डॉ. महफूज आलम, परवेज आलम, सानिया निशात, फरहत नाज, बुलबुल दास, फिरोज खान, शिक्षकगण, नॉन-टीचिंग स्टाफ एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।कार्यक्रम के बाद इतिहास विभाग के व्याख्याता बलराम पोद्दार ने मानगो नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में जल संरक्षण के प्रति व्यवहारिक समझ विकसित करने में अत्यंत उपयोगी हैं और भविष्य में भी इनका नियमित आयोजन होना चाहिए।

जनभागीदारी से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का लक्ष्य

मानगो नगर निगम ने बताया कि ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर जल संरक्षण से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य वर्षा जल संचयन को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन बनाना और भविष्य की जल सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

More From Author

जमशेदपुर: बरसात में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप पर मानगो नगर निगम का एक्शन, वार्डों में शुरू हुई फॉगिंग

देवघर कांवरिया पथ पर 16वें वर्ष भी सेवा देगा ओम कांवरिया सेवा संघ, 29 जुलाई से लगेगा शिवभक्त सेवा शिविर