
जमशेदपुर ।बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर बढ़ रही चिंताओं के बीच पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता और उप मुखिया संतोष ठाकुर ने पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार से मुलाकात की। बैठक में दोनों प्रतिनिधियों ने विभाग को मांग पत्र सौंपते हुए कहा कि किसी भी तकनीकी कार्य या मेंटेनेंस के दौरान कॉलोनी में पानी की आपूर्ति बाधित नहीं हो।
बैठक में हुई सहमति
बैठक में कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार के साथ सहायक अभियंता महेंद्र बैठा भी मौजूद थे। चर्चा के दौरान यह सहमति बनी कि बिष्टुपुर स्थित फ़िल्टर पंप हाउस से बागबेड़ा कॉलोनी पंप हाउस को जोड़ने वाली मुख्य पाइपलाइन का काम निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप चलता रहेगा। इस प्रक्रिया में कॉलोनी में जलापूर्ति सामान्य रखी जाएगी, ताकि स्थानीय परिवारों को पीने के पानी की समस्या न हो।
जल वितरण में कोई कटौती नहीं
विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि 11 और 12 नवंबर को कॉलोनी में जल वितरण पूर्व की तरह ही किया जाएगा और आपूर्ति में किसी भी तरह की कटौती नहीं की जाएगी।पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने कहा, “पानी जीवन से जुड़ा बुनियादी अधिकार है। आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह की पहल पर जुस्को के शुद्ध पेयजल निजी टैंकरों के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। कॉलोनी वासियों को किसी भी परिस्थिति में पीने के पानी की समस्या नहीं होने दी जाएगी।”
स्थानीय नागरिकों ने की सराहना
स्थानीय नागरिकों ने सुनील गुप्ता और संतोष ठाकुर की सक्रियता का स्वागत किया और आशा जताई कि विभाग बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी की जलापूर्ति व्यवस्था को स्थायी रूप से सुचारु करेगा।
