
चक्रधरपुर: आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए, चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र (56 अजजा) में मतदान केंद्रों की संख्या में वृद्धि की गई है। पहले जहां 236 बूथ थे, अब उनकी संख्या बढ़कर 250 हो जाएगी। यह फैसला पोड़ाहाट की एसडीओ और निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक में लिया गया।एसडीओ ने बताया कि यह कदम 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों पर भीड़ कम करने और मतदान को अधिक सुचारू बनाने के लिए उठाया गया है। नए मतदान केंद्र इस तरह बनाए गए हैं कि वे मतदाताओं के घर से दो किलोमीटर के दायरे में ही रहें।
कहां-कहां बढ़ेंगे नए बूथ?
चक्रधरपुर विधानसभा के अंतर्गत कुल 14 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनका वितरण इस प्रकार है:
बंदगांव प्रखंड: यहां पहले 62 मतदान केंद्र थे, जो अब बढ़कर 64 हो जाएंगे।
चक्रधरपुर प्रखंड: यहां पहले 127 मतदान केंद्र थे, अब इनकी संख्या 133 हो जाएगी।
चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र: यहां पहले 47 मतदान केंद्र थे, जो अब बढ़कर 53 हो जाएंगे।
बैठक में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस बैठक में कांग्रेस से विजय सिंह सामाड, झामुमो से अनिल उरांव, भाजपा से दुर्योधन प्रधान और आजसू से शुभम महतो सहित कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।