
जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर, जमशेदपुर जिला प्रशासन ने स्वच्छता पखवाड़ा की शुरुआत की है। इस अभियान में जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) और मानगो नगर निगम के सैकड़ों सफाई कर्मचारियों को जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और नगर उप आयुक्त कृष्णा कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सभी कर्मचारियों ने शहर को स्वच्छ रखने की शपथ भी ली।
17 से 2 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत शहर में उन 40 (जमशेदपुर) और 17 (मानगो) स्थानों को चिह्नित किया गया है जहाँ अक्सर कचरा फेंका जाता है। इन जगहों को साफ-सुथरा कर पेंटिंग और पौधारोपण किया जाएगा। इसके साथ ही, सफाई कर्मचारियों से केक कटवाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मंदिरों से निकलने वाले फूलों का होगा खाद में इस्तेमाल
इस अभियान का एक और महत्वपूर्ण हिस्सा मंदिरों और पूजा पंडालों से निकलने वाले फूलों का प्रबंधन है। नगर निगम ने इस काम के लिए 10 वाहन रवाना किए हैं। ये वाहन पूरे शहर से फूलों को इकट्ठा करेंगे, जिनकी बाद में रीसाइक्लिंग कर खाद बनाई जाएगी। इस पहल से न केवल शहर साफ रहेगा, बल्कि जैविक खाद का उत्पादन भी संभव होगा।