Views: 2
जमशेदपुर: टाटानगर से राजस्थान के खातीपुरा (जयपुर) तक चलने वाली संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस का ट्रायल रन सोमवार को शुरू हुआ। दोपहर 3:30 बजे टाटानगर स्टेशन से ट्रेन को जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू और विधायक सरयू राय ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई ट्रेन के शुरू होने से झारखंड और राजस्थान के बीच रेल कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।
1677 किलोमीटर की दूरी तय करेगी ट्रेन
जानकारी के अनुसार, संतरागाछी से खातीपुरा के बीच चलने वाली यह ट्रेन करीब 1677 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। ट्रेन के ऑनलाइन उद्घाटन कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शामिल हुए। इस दौरान पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे।
29 स्टेशनों पर होगा ठहराव
नई ट्रेन को टाटानगर, रांची और गया समेत कुल 29 स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। इससे झारखंड के यात्रियों को राजस्थान की यात्रा के लिए एक अतिरिक्त रेल सुविधा मिलने की संभावना है। ट्रेन के ठहराव से रास्ते में पड़ने वाले विभिन्न शहरों के यात्रियों को भी लाभ मिल सकता है।
रेलवे अधिकारियों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि रहे मौजूद
टाटानगर स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), सीनियर डीसीएम, आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी और जमशेदपुर की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद थे।नई ट्रेन के ट्रायल रन को क्षेत्र में रेल सुविधा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नियमित परिचालन और समय-सारणी से संबंधित जानकारी रेलवे की आधिकारिक घोषणा के बाद स्पष्ट होगी।
