
जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग स्नैचिंग की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर छीने गए सभी सामानों को बरामद कर लिया है। यह गिरफ्तारी त्वरित कार्रवाई का परिणाम है।
दो अलग-अलग घटनाओं को दिया अंजाम
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2025 की रात करीब 8:15 बजे, पिपला निवासी निधिराम महतो अपनी पत्नी रूपाली महतो के साथ साकची से गोलमुरी होते हुए घर जा रहे थे। इसी दौरान, एनएमएल फ्लैट गेट के पास एक स्कूटी सवार युवक ने उनकी पत्नी के कंधे से पर्स छीन लिया और फरार हो गया। इसके ठीक 15 मिनट बाद, रात करीब 8:30 बजे, कोमल कुमारी भी गोलमुरी चर्च के पास इसी तरह की स्नैचिंग का शिकार हुईं।
स्कूटी और छीना गया सामान बरामद
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। सिदगोड़ा थाना के सहयोग से पुलिस ने शुभम कुमार नामक युवक को गिरफ्तार किया है। वह विद्यापतिनगर, सिदगोड़ा का रहने वाला है। आरोपी के पास से दोनों वारदातों में छीने गए पर्स, मोबाइल फोन, नकद राशि, महिलाओं के गहने, क्रेडिट-डेबिट कार्ड और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। इसके अलावा, अपराध में इस्तेमाल की गई लाल रंग की डुएट स्कूटी भी जब्त कर ली गई है।