अंधेरे में खड़े हाइवा से बाइक टकराई, युवक की मौत, परिवहन विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

सरायकेला: सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरसा चौक के समीप मुक्ति पोखर के पास मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे अंधेरे में खड़े एक ब्रेकडाउन हाइवा के पीछे से बाइक टकरा गई, जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान जिलिंगबुरु गांव निवासी 35 वर्षीय राजू पूरती के रूप में की गई है।

मुर्गा खरीदने सरायकेला आया था मृतक

मिली जानकारी के अनुसार राजू पूरती मंगलवार को अपनी बाइक से मुर्गा खरीदने के लिए सरायकेला आया हुआ था। देर रात वह वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान मुक्ति पोखर के पास सड़क किनारे खड़े एक ब्रेकडाउन हाइवा वाहन के पीछे से उसकी बाइक जोरदार टक्कर मार बैठी।स्थानीय लोगों का कहना है कि हाइवा के पीछे कोई रेडियम, रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत नहीं लगा हुआ था, जिससे अंधेरे में बाइक सवार को खड़ा वाहन दिखाई नहीं दिया और हादसा हो गया।

अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित

घटना की सूचना मिलते ही जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल राजू पूरती को सरायकेला सदर अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। गांव में मातम का माहौल है।

परिवहन विभाग की लापरवाही पर गंभीर आरोप

घटना को लेकर जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि हाइवा के पीछे रेडियम या किसी भी प्रकार का सुरक्षा संकेत न होना जिला परिवहन विभाग की घोर लापरवाही को दर्शाता है। अगर वाहन पर सुरक्षा चिह्न लगा होता तो यह हादसा टल सकता था।उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों में हाइवा मालिक और संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

पुलिस ने दोनों वाहनों को किया जब्त, जांच शुरू

घटना की सूचना पर सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने हाइवा और बाइक दोनों को जब्त कर लिया है और मामले की विधिवत जांच शुरू कर दी है।थाना प्रभारी के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला सड़क किनारे खड़े वाहन पर सुरक्षा चिन्ह नहीं होने से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

More From Author

जमशेदपुर में ‘JH 05 रोटी रसोई’ का शुभारंभ: विधायक सरयू राय ने किया उद्घाटन, बोले- ‘लोगों को शुद्ध भोजन कराएं’

देवघर में सड़क हादसे से राजनीतिक तूफान:आशुतोष कुमार के भाई की मौत पर जेएमएम नेता पर हत्या का आरोप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *