
जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशव्यापी ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ पूर्वी सिंहभूम जिले में किया गया। इस अभियान का उद्घाटन जिले के सांसद विद्युत वरण महतो ने दीप प्रज्वलित कर और जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया। यह अभियान पूरे देश में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा।
महिलाओं के स्वास्थ्य पर रहेगा विशेष जोर
इस अभियान का उद्देश्य 30 वर्ष और उससे अधिक उम्र की महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच करना है। इसके तहत एनसीडी (गैर-संचारी रोग) की जांच की जाएगी, साथ ही सभी महिलाओं को चिकित्सा जांच और स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की जाएँगी। अभियान का लक्ष्य स्वस्थ जीवन शैली और स्वास्थ्य के मानकों को बनाए रखने पर जोर देना है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच अंतिम नागरिक तक आसान हो सके।
जुगसलाई सामुदायिक केंद्र से हुआ शुभारंभ
पूर्वी सिंहभूम जिले में इस अभियान की शुरुआत जुगसलाई स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुई। सांसद विद्युत वरण महतो के साथ स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद थे। इस अभियान से ग्रामीण महिलाओं को जोड़ने के लिए जागरूकता रथ को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल के बारे में लोगों को जागरूक किया गया।