
जमशेदपुर।बागबेड़ा थाना अंतर्गत गांधीनगर इलाके में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कुख्यात अपराधी बादल ने पोपो मुंडा नामक युवक को गोली मार दी। घटना में पोपो गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।
घर पर आराम कर रहे युवक पर किया हमला
सूत्र से मिली जानकारी के अनुसार, पोपो मुंडा अपने घर पर आराम कर रहा था, तभी बादल वहाँ पहुँचा और उस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में पोपो के गुप्तांग में गोली लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर पूरे इलाके में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शी गुड़िया ने बताया कि बादल ने पोपो पर दो राउंड फायरिंग की, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, मामला आपसी रंजिश का
घटना की सूचना मिलते ही विधि-व्यवस्था डीएसपी तौकीर आलम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और तफ्तीश शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है। डीएसपी तौकीर आलम ने बताया कि शुरुआती जाँच में यह मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जाँच कर रही है।