
जमशेदपुर: लौहनगरी के बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत डीबी रोड में शनिवार को किराया विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया। महज 5 महीने का किराया बकाया होने पर एक मकान मालिक ने अपने भाड़ेदार पर हॉकी स्टिक से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में भाड़ेदार का सिर फट गया है और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, डीबी रोड निवासी विक्की कुमार यादव अपने परिवार के साथ प्रतीक सिंह के मकान में किराए पर रहते हैं। पिछले 5 महीनों से विक्की यादव किसी निजी कारणवश मकान का किराया नहीं दे पाए थे। इसी बात को लेकर शनिवार को मकान मालिक प्रतीक सिंह और विक्की के बीच बहस शुरू हुई।
हॉकी स्टिक से किया हमला
विक्की की पत्नी कृति देवी ने बताया कि विवाद इतना बढ़ा कि मकान मालिक प्रतीक सिंह आपा खो बैठा और घर से हॉकी स्टिक निकालकर ले आया। उसने विक्की यादव पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। हमले में विक्की के सिर पर गहरी चोट आई है, जिससे काफी खून बह गया, साथ ही उनके पैरों को भी बुरी तरह जख्मी कर दिया गया है।
सदर अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद आनन-फानन में घायल विक्की को उनकी पत्नी कृति देवी और स्थानीय लोगों की मदद से खासमहल स्थित सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, सिर की चोट गंभीर है।विक्की की पत्नी ने बागबेड़ा थाना में मामले की लिखित शिकायत की तैयारी कर ली है। उनका कहना है कि मजबूरी के कारण किराया नहीं दे पाए थे, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि किसी की जान लेने की कोशिश की जाए।
इलाके में तनाव
घटना के बाद से डीबी रोड इलाके में तनाव का माहौल है। बागबेड़ा पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी मकान मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
