आदित्यपुर: 111 सेव लाइफ अस्पताल के संचालक डॉ. ओपी आनंद को सगे भाई ने मारी गोली, अस्पताल में इलाजरत

Views: 0

आदित्यपुर:आरआईटी थाना क्षेत्र में सोमवार रात सनसनीखेज गोलीबारी की घटना सामने आई है। 111 सेव लाइफ अस्पताल के संचालक डॉ. ओपी आनंद को उनके सगे भाई एवं गायत्री शिक्षा निकेतन के संचालक सत्य प्रकाश सुधांशु ने कथित तौर पर गोली मार दी। गोली डॉ. आनंद की पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पत्नी ने पुलिस को फोन कर दी सूचना

मिली जानकारी के अनुसार, घटना के बाद डॉ. ओपी आनंद की पत्नी ने पुलिस को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके पति को उनके सगे भाई सत्य प्रकाश सुधांशु ने गोली मारी है। सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस सक्रिय हुई और घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

पारिवारिक विवाद में गोलीबारी की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दोनों भाइयों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ और गोलीबारी की नौबत कैसे आई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। घटना के बाद से आरोपित सत्य प्रकाश सुधांशु का मोबाइल फोन स्विच ऑफ बताया जा रहा है।

पुलिस जुटा रही साक्ष्य, हथियार की तलाश

आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने बताया कि डॉ. ओपी आनंद की पीठ में गोली लगी है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ घटना में प्रयुक्त हथियार और पूरे घटनाक्रम की जानकारी एकत्र कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही गोलीबारी की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

More From Author

जमशेदपुर: फर्जी सिम कार्ड बेचकर साइबर अपराध कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, जिओ कंपनी कर्मचारी और 2 पीओएस एजेंट गिरफ्तार