
जमशेदपुर।जमशेदपुर पुलिस ने वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है। यह दावा जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पियूष पाण्डेय ने सोमवार को मीडिया से बातचीत के दौरान आधिकारिक आंकड़ों के साथ किया। उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष में पुलिस की सक्रिय गश्त, रणनीतिक कार्रवाई और विशेष अभियानों के कारण कई गंभीर अपराधों में स्पष्ट कमी देखने को मिली है।
एसएसपी द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, फायरिंग की घटनाओं में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2024 में जिले में फायरिंग की कुल 46 घटनाएं दर्ज हुई थीं, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 30 रह गई है। यह कमी अपराधियों पर पुलिस के बढ़ते दबाव को दर्शाती है।
इसी तरह गृह भेदन (चोरी) के मामलों में भी बड़ा सुधार सामने आया है। वर्ष 2024 में जहां गृह भेदन के 556 मामले दर्ज किए गए थे, वहीं वर्ष 2025 में इनकी संख्या घटकर 295 रह गई है। एसएसपी ने बताया कि रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने से इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सका है।
छीनतई की घटनाओं में भी गिरावट दर्ज की गई है। आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में छीनतई के 78 मामले सामने आए थे, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 55 रह गई है। एसएसपी ने कहा कि संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी, बाइक पेट्रोलिंग और त्वरित पुलिस कार्रवाई के चलते यह परिणाम सामने आए हैं।
हालांकि, दूसरी ओर अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और अधिक तेज हुई है। वर्ष 2024 में पुलिस ने 75 अवैध हथियार जब्त किए थे, जबकि वर्ष 2025 में अब तक 111 अवैध हथियार जब्त किए जा चुके हैं। इसके साथ ही विभिन्न आपराधिक मामलों में 247 अपराधियों की गिरफ्तारी भी की गई है।
एसएसपी पियूष पाण्डेय ने बताया कि नशे के खिलाफ करीब एक माह पूर्व विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत अब तक 30 नशा तस्करों और नशा कारोबारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस का लक्ष्य केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि नशे के पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करना है।
एसएसपी ने कहा कि वर्ष 2025 में जमशेदपुर पुलिस ने अपराध पर लगाम लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ठोस और प्रभावी कदम उठाए हैं। पुलिस को उम्मीद है कि आने वाले समय में इन प्रयासों का और भी बेहतर असर देखने को मिलेगा और शहर को अपराधमुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल होगी।
