जमशेदपुर: मानगो में प्लंबर बनकर घर में घुसे तीन शातिर चोर, स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ दबोचकर की धुनाई, फिर पुलिस के हवाले

Spread the love

जमशेदपुर : लौहनगरी के मानगो थाना अंतर्गत गुरुद्वारा रोड पर शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्थानीय निवासियों ने चोरी की नियत से घर में घुसे तीन युवकों को रंगे हाथ धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी ‘प्लंबर’ बनकर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे थे। भीड़ के हत्थे चढ़े इन युवकों की जमकर पिटाई के बाद उन्हें पुलिस को सौंप दिया गया है।

सासाराम गए थे गृहस्वामी, सूने घर को बनाया निशाना

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुद्वारा रोड निवासी उमाकांत सिंह के घर में अखिलेश्वर दुबे बतौर किरायेदार रहते हैं। बताया जा रहा है कि अखिलेश्वर दुबे शुक्रवार को ही अपने पैतृक गांव सासाराम (बिहार) गए थे। घर को सूना पाकर शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे तीन युवक वहां पहुंचे।

प्लंबर बनकर दिया चकमा, तोड़ डाले 4 कमरों के ताले

शातिर चोरों ने मोहल्ले वालों की आंखों में धूल झोंकने के लिए ‘प्लंबर’ का स्वांग रचा। वे औजारों के साथ घर में दाखिल हुए और एक के बाद एक करीब तीन से चार कमरों के ताले तोड़ डाले। चोरों ने घर के भीतर रखे कीमती सामानों को समेट लिया और भागने की फिराक में थे। तभी पड़ोसियों को घर के अंदर से आ रही संदिग्ध आहटों के कारण शक हुआ।

जनता का आक्रोश और पुलिसिया कार्रवाई

स्थानीय लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को भागने से पहले ही दबोच लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान ऋषभ, पवन मिश्रा और एक अन्य सहयोगी के रूप में हुई है। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपियों की जमकर पिटाई कर दी।पुलिस ने मौके से चोरी किए गए कुछ कीमती सामान बरामद कर लिए हैं। पुलिस अन्य चोरी किए गए सामानों की रिकवरी के लिए आरोपियों को साथ लेकर विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

दिनदहाड़े और घनी आबादी वाले गुरुद्वारा रोड जैसे इलाके में हुई इस घटना ने मानगो पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति भारी आक्रोश देखा गया। हालांकि, इस पूरे मामले पर मानगो थाना पुलिस फिलहाल कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से बच रही है।

More From Author

डी.बी.एम.एस. महाविद्यालय में राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन, छात्रों ने ली लोकतांत्रिक अधिकारों के संरक्षण की शपथ

जमशेदपुर: तुलसी भवन के ‘वसंतोत्सव’ में गूंजेगी सम्मान की थाप, 94 वर्षीय तबला वादक पं. केशव रंजन चक्रवर्ती होंगे सम्मानित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.