
जमशेदपुर: एक ओर जहां पूरे देश में ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’ के अवसर पर मतदाताओं को जागरूक करने और नए नाम जोड़ने के लिए उत्सव मनाया जा रहा है, वहीं जमशेदपुर के बागबेड़ा इलाके से भारी अव्यवस्था की तस्वीर सामने आई है। बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर 1 स्थित अंबेडकर विद्यालय के बूथ संख्या 19 एवं 20 पर बीएलओ के अनुपस्थित रहने के कारण स्थानीय जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ताला लटका देख बैरंग लौटे मतदाता
रविवार को जब मतदाता उत्साह के साथ अपने नाम जुड़वाने, हटाने या सूची में सुधार के लिए बूथ पर पहुंचे, तो वहां बीएलओ की जगह ताला लटका मिला। घंटों इंतजार करने के बाद जब कोई अधिकारी नहीं पहुंचा, तो लोगों ने इसकी सूचना बागबेड़ा महानगर विकास समिति के अध्यक्ष सुबोध झा को दी।
बीएलओ पर ‘झूठा आश्वासन’ देने का आरोप
सूचना पाकर सुबोध झा, सूरज ओझा, पवित्रा पांडे, संजय सिंह और सरोजनी देवी मौके पर पहुंचे। समिति के सदस्यों ने जब संबंधित बीएलओ से फोन पर संपर्क किया, तो आरोप है कि उनके द्वारा बार-बार ‘झूठा आश्वासन’ दिया गया कि वे रास्ते में हैं और जल्द पहुंच रही हैं। दोपहर 2 बजे तक इंतजार करने के बाद भी जब कोई नहीं आया, तो लोगों का धैर्य जवाब दे गया।
उच्चाधिकारियों से शिकायत, घर-घर जाकर काम करने की मांग
इस गंभीर लापरवाही को लेकर ग्रामीणों और समिति के सदस्यों ने जिले के उच्चाधिकारियों को फोन पर वस्तुस्थिति से अवगत कराया। आक्रोशित जनता ने प्रशासन से मांग की है किड्यूटी से गायब रहने वाली बीएलओ पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।अब बीएलओ को यह आदेश दिया जाए कि वे घर-घर जाकर मतदाता सूची में सुधार, नाम जोड़ने और हटाने का कार्य संपन्न करें, क्योंकि उनकी लापरवाही के कारण लोगों का समय बर्बाद हुआ है।
मौके पर मौजूद रहे सक्रिय सदस्य
इस विरोध प्रदर्शन और शिकायत दर्ज कराने वालों में मुख्य रूप से सुबोध झा, सूरज ओझा, सोनी चौधरी, पवित्रा पांडे, संजय सिंह और सरोजनी देवी सहित कई अन्य ग्रामीण शामिल थे।
