
जमशेदपुर: चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने मंगलवार को टाटानगर स्टेशन का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं के विस्तार और स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। डीआरएम के इस दौरे से रेल अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच खलबली मची रही।
प्लेटफार्म नंबर 1 से 5 तक सुविधाओं का जायजा
डीआरएम तरुण हुरिया ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 से लेकर 5 तक का निरीक्षण किया। उन्होंने फुटओवर ब्रिज , प्लेटफार्म की स्थिति और यात्री प्रतीक्षालयों में उपलब्ध संसाधनों की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रियों से भी फीडबैक लिया ताकि उनकी समस्याओं को सीधे समझा जा सके।
फरवरी तक शुरू होंगे एस्केलेटर और लिफ्ट
टाटानगर स्टेशन पर यात्रियों की सबसे बड़ी शिकायत लिफ्ट और एस्केलेटर (स्वचालित सीढ़ियाँ) के लंबे समय से बंद होने को लेकर रही है। डीआरएम ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि फरवरी तक स्टेशन के सभी एस्केलेटर और लिफ्ट का काम पूरा कर इन्हें यात्रियों के लिए चालू कर दिया जाए। बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों की सहूलियत के लिए उन्होंने इसे प्राथमिकता पर रखने का आदेश दिया।
आदित्यपुर से टाटानगर तक निर्माण कार्यों की समीक्षा
उल्लेखनीय है कि डीआरएम पहले आदित्यपुर स्टेशन पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे थे, जिसके तुरंत बाद वे टाटानगर आए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्टेशन के सौंदर्यीकरण और बुनियादी ढांचे के विकास में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सफाई और पानी पर विशेष फोकस
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई की स्थिति पर असंतोष जताया। उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो,प्लेटफार्म और रेल पटरियों की सफाई के लिए आधुनिक मशीनों का प्रभावी उपयोग किया जाए,स्टेशन पर उपलब्ध यात्री संसाधनों के रखरखाव पर लगातार नजर रखी जाए जैसे निर्देश दिए।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस निरीक्षण के दौरान टाटानगर स्टेशन के एरिया मैनेजर समीर सौरव, स्टेशन निदेशक सुनील कुमार सहित इंजीनियरिंग, कमर्शियल और सुरक्षा विभाग के कई वरीय अधिकारी और सुपरवाइजर मौजूद रहे।
