
जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित ऐतिहासिक मिलानी हॉल में मंगलवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) जमशेदपुर महानगर की ओर से बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री श्रवण कुमार के लिए एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बना, जहाँ मंत्री का जोरदार स्वागत ढोल-नगाड़ों और फूलों की वर्षा के साथ किया गया।
झारखंड प्रभारी के रूप में कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि झारखंड में पार्टी का आधार लगातार मजबूत हो रहा है। हाल के चुनावों में पार्टी की सफलता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा “झारखंड में हमारे कार्यकर्ताओं ने जिस मेहनत और निष्ठा से काम किया है, उसका परिणाम सबके सामने है। विशेषकर सरयू राय के पक्ष में किए गए चुनाव प्रचार और कार्यकर्ताओं के जमीनी योगदान ने पार्टी की स्थिति को नई ऊंचाई प्रदान की है।”
बिहार के विकास कार्यों की जमशेदपुर में गूंज
जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में हो रहे चहुंमुखी विकास की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार की विकास योजनाओं की चर्चा आज पूरे देश में हो रही है और झारखंड की जनता भी अब उसी तर्ज पर विकास की आकांक्षा रखती है।
नीतीश सरकार की योजनाओं पर चर्चा
‘जीविका’ और ‘महिला सशक्तिकरण’महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने अपने संबोधन में बिहार सरकार की ‘जीविका दीदी’ योजना का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि कैसे इस योजना ने ग्रामीण महिलाओं की किस्मत बदल दी है। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार द्वारा महिलाओं को प्रदान की जा रही 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता और स्वावलंबन योजनाओं ने महिला सशक्तिकरण को नए आयाम दिए हैं। जदयू जमशेदपुर महानगर इन सफल योजनाओं को झारखंड के जन-जन तक पहुँचाने का काम करेगा।
पदाधिकारियों की रही भारी मौजूदगी
इस गौरवशाली क्षण में जदयू के कई वरीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे आने वाले समय में संगठन को पंचायत स्तर तक और अधिक मजबूत बनाएंगे। समारोह के अंत में स्थानीय पदाधिकारियों ने मंत्री श्रवण कुमार को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
