
जमशेदपुर: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के गणित विभाग ने शनिवार को एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। विभाग की ‘कंटीन्यूम मैथ सोसाइटी’ द्वारा आयोजित दो दिवसीय फेस्ट ‘मंथन’ का भव्य उद्घाटन हुआ। संस्थान के इतिहास में यह पहला अवसर है जब गणित विभाग ने इतने व्यापक स्तर पर किसी आधिकारिक उत्सव का आयोजन किया है।
गणित, रचनात्मकता और मनोरंजन का अनूठा संगम
‘मंथन’ फेस्ट का मुख्य उद्देश्य गणित की जटिलताओं को केवल किताबों तक सीमित न रखकर उसे रचनात्मकता, रणनीति और मनोरंजन के साथ जोड़ना है। समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि प्रोफेसर आरवी शर्मा (डिप्टी डायरेक्टर, एनआईटी जमशेदपुर) ने दीप प्रज्वलित कर की।
तार्किक सोच और नवाचार का आधार है गणित
संबोधन के दौरान एनआईटी के वरिष्ठ शिक्षाविदों ने छात्रों का मार्गदर्शन किया।प्रोफेसर आरवी शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विभाग के लिए एक नया अध्याय बताया।डीन (छात्र कल्याण) प्रोफेसर आरपी सिंह और प्रोफेसर एकेएल श्रीवास्तव ने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि गणित तार्किक सोच का आधार है।विभागाध्यक्ष डॉ. राज नंदकेलयार और फैकल्टी इनचार्ज डॉ. रत्नेश कुमार मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों का सर्वांगीण विकास होता है।
‘एनिग्मा’ और ‘आईपीएल ऑक्शन’ रहे मुख्य आकर्षण
फेस्ट के पहले दिन कई बौद्धिक और मनोरंजक प्रतियोगिताओं ने छात्रों को बांधे रखा जिसमे एनिग्मा (गणित क्विज़): इसमें एनआईटी के अलावा अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के विद्यार्थियों ने अपनी गणितीय मेधा का प्रदर्शन किया।
आईपीएल ऑक्शन: खेल के प्रति जुनून और गणितीय गणनाओं के बीच संतुलन बिठाते हुए छात्रों ने रणनीतिक कौशल का परिचय दिया।
रूबिक्स क्यूब: गति, एकाग्रता और एल्गोरिदम के इस कड़े मुकाबले ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
रंगारंग समापन की तैयारी
कैंपस में ‘मंथन’ को लेकर छात्रों के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। फेस्ट के दूसरे दिन भी कई तकनीकी सत्र और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उत्सव का समापन एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगा, जहाँ भविष्य के गणितज्ञ अपनी कलात्मक प्रतिभा का जलवा बिखेरेंगे।
