
सरायकेला। आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित अंजनी प्लास्ट इंडस्ट्रीज में मंगलवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। यह कंपनी प्लास्टिक ग्लास बनाने का काम करती है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में फैक्ट्री धुएं और आग की चपेट में आ गई। आसपास का पूरा इलाका धुएं से भर गया और वहां अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल ने की कार्रवाई
जैसे ही आग लगने की खबर फैली, स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। तुरंत दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी गई। सूचना पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। स्थानीय लोग भी दमकल कर्मियों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे।
नुकसान का लगाया जा रहा आकलन
अब तक आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट या मशीनरी की खराबी को लेकर आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्ट्री को भारी नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है।आग की लपटें और काला धुआं इतनी तेजी से फैला कि दूर-दूर तक देखा जा सकता था। इंडस्ट्रियल एरिया में काम कर रहे अन्य फैक्ट्री कर्मियों और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। कई लोग अपने कामकाज छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुट गए हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि घटना की पूरी जांच की जाएगी और फैक्ट्री मालिक को हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा।