
गोविंदपुर : गोविंदपुर से पीपला जाने वाली मुख्य सड़क पर अनियंत्रित भारी वाहनों के परिचालन और अवैध पार्किंग ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। इस मार्ग पर बढ़ते सड़क हादसों को लेकर गोविंदपुर भाजयुमो अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन और स्थानीय कंपनी प्रबंधन से यातायात व्यवस्था में तत्काल सुधार करने की अपील की है।
हादसों का सबब बनीं भारी गाड़ियां और अवैध पार्किंग
इंद्रजीत सिंह ने कहा कि गोविंदपुर-पीपला मार्ग अब हादसों का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। इसके पीछे दो मुख्य कारण हैं जिसमे कंपनी के मालवाहक वाहनों का चौबीसों घंटे आवागमन होने से छोटी गाड़ियों और पैदल चलने वालों के लिए खतरा पैदा हो गया है। सड़कों के किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े भारी वाहनों के कारण रास्ता संकरा हो जाता है, जिससे आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं।
शहर की तर्ज पर ‘नो-एंट्री’ लागू करने की मांग
भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष ने जिला प्रशासन के समक्ष स्पष्ट मांग रखी है कि गोविंदपुर की जनता को सुरक्षा प्रदान करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। शहर की तर्ज पर गोविंदपुर से हाईवे की ओर जाने वाली भारी गाड़ियों के लिए ‘नो-एंट्री’ का समय तय किया जाए। सड़कों के किनारे गाड़ियों को खड़ा करने के बजाय कंपनी प्रबंधन और प्रशासन वाहनों के लिए उचित पार्किंग जोन सुनिश्चित करे।अवैध रूप से सड़क जाम करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जाए।
प्रशासन और कंपनी प्रबंधन को चेतावनी
इंद्रजीत सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नो-एंट्री और पार्किंग की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो क्षेत्र की जनता को किसी बड़ी अनहोनी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने आग्रह किया कि प्रशासन और कंपनी प्रबंधन मिलकर इस समस्या का स्थायी समाधान निकालें ताकि स्थानीय लोग भयमुक्त होकर आवागमन कर सकें।
