
जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर में चापड़बाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला साकची थाना अंतर्गत काशीडीह लाइन नंबर-1 का है, जहाँ गुरुवार तड़के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यहाँ प्रेम पासवान (21) नामक युवक पर उसके पड़ोसी राहुल पासवान और उसके साथियों ने चापड़ से जानलेवा हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। फिलहाल घायल युवक का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
विवाद की वजह: मोबाइल चार्जर और नकदी की चोरी
घटना के संबंध में घायल प्रेम के मामा बबन पासवान ने बताया कि विवाद बुधवार शाम से ही शुरू हो गया था।आरोपी राहुल ने प्रेम की माँ का मोबाइल चार्जर और करीब 6 से 7 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। जब प्रेम को इस बात का पता चला, तो उसने राहुल को इसके लिए खरी-खोटी सुनाई और गाली-गलौज की। इसी बात का बदला लेने के लिए राहुल ने साजिश रची। गुरुवार की सुबह जब प्रेम घर के पास था, तभी राहुल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अचानक चापड़ (तेज धारदार हथियार) से उस पर हमला बोल दिया।
जमशेदपुर में बढ़ता ‘चापड़’ कल्चर, दहशत में शहर
शहर में इन दिनों चापड़ से हमले की वारदातों में बेतहाशा वृद्धि देखी जा रही है। आए दिन अपराधी छोटी-मोटी रंजिशों में भी चापड़ का इस्तेमाल कर रहे हैं। काशीडीह की इस घटना ने एक बार फिर स्थानीय पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
एमजीएम में चल रहा है उपचार, पुलिस जांच शुरू
प्रेम पासवान के शरीर पर चापड़ के कई गहरे निशान हैं और खून काफी बह जाने के कारण उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस हरकत में आई और अस्पताल पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
