
जमशेदपुर: नगर निकाय चुनाव के मद्देनज़र जिले में अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। रविवार, 08 फरवरी 2026 को सहायक आयुक्त उत्पाद (पूर्वी सिंहभूम) के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने बिरसानगर थाना अंतर्गत हुरलूँग क्षेत्र में एक बड़ी छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के बड़े अड्डों को पूरी तरह से नेस्तनाबूद कर दिया गया।
भारी मात्रा में जावा-महुआ और चुलाई शराब बरामद
उत्पाद विभाग की इस विशेष कार्रवाई में शराब निर्माण के ठिकानों पर छापेमारी कर अवैध सामग्रियों को जब्त और विनष्ट किया गया।घटनास्थल पर अवैध शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 6000 किलोग्राम किण्वित जावा-महुआ मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।छापेमारी के दौरान टीम ने कुल 40 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की है।टीम ने अवैध चुलाई शराब की भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया, जिससे शराब माफियाओं के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
निकाय चुनाव के मद्देनजर विशेष सतर्कता
आगामी नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए प्रशासन अवैध शराब के विनिर्माण और परिवहन पर कड़ी नजर रख रहा है। सहायक आयुक्त उत्पाद ने स्पष्ट आदेश दिया है कि जिले के उन सभी क्षेत्रों में छापेमारी जारी रहेगी जहाँ अवैध शराब के निर्माण की सूचना मिलेगी।
भट्ठी संचालकों पर मामला दर्ज
उत्पाद विभाग ने इस मामले में संलिप्त भट्ठी संचालकों और अवैध शराब विक्रेताओं की पहचान शुरू कर दी है। विभाग द्वारा उनके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग (FIR) पंजीकृत किया जा रहा है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जाएगी।
