
जमशेदपुर: होली पर्व (3–4 मार्च) को लेकर टाटानगर से बिहार जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। हालात ऐसे हैं कि कई प्रमुख ट्रेनों में सीटें पूरी तरह फुल हो चुकी हैं, जबकि कुछ ट्रेनों में रिग्रेट की स्थिति बन गई है।
इन ट्रेनों में सबसे ज्यादा भीड़
रेलवे आरक्षण स्थिति के अनुसार,1 से 3 मार्च के बीच निम्नलिखित ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है—टाटा–बक्सर एक्सप्रेस,साउथ बिहार एक्सप्रेस,टाटा–थावे एक्सप्रेस,टाटा–कटिहार एक्सप्रेस।इन ट्रेनों से पटना, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, छपरा, कटिहार और सहरसा जाने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्पेशल ट्रेन की घोषणा का इंतजार
रेलवे बोर्ड की ओर से देशभर में 1400 से अधिक होली स्पेशल ट्रेनों की योजना बनाई गई है, जिनमें से बिहार और उत्तर प्रदेश के लिए 285 स्पेशल ट्रेनें प्रस्तावित हैं।हालांकि, टाटानगर से बिहार के लिए अब तक किसी स्पेशल ट्रेन की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, जिससे यात्रियों की चिंता बढ़ गई है।
वंदे भारत में सीटें, लेकिन किराया महंगा
टाटानगर से बिहार रूट पर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में कुछ सीटें उपलब्ध हैं, लेकिन यात्रियों का कहना है कि किराया अधिक होने के कारण आम लोग इससे दूरी बना रहे हैं।
रेलवे का बयान
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि होली को देखते हुए यात्रियों की संख्या पर लगातार नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे या स्पेशल ट्रेन चलाने पर विचार किया जा सकता है।हालांकि यात्रियों की मांग है कि जल्द से जल्द टाटानगर से बिहार के लिए होली स्पेशल ट्रेन की घोषणा की जाए, ताकि त्योहार के समय लोगों को राहत मिल सके।
