
पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ प्रखंड अंतर्गत बेतझरिया स्थित खेतान फैक्ट्री के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर ही एक राजमिस्त्री की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए।
मजदूरों को काम पर ले जा रही थी पिकअप
जानकारी के अनुसार OR11G-4939 नंबर की पिकअप वैन से करीब 11–12 राजमिस्त्री और मजदूरों को पांडुगुड़ा में काम कराने के लिए ले जाया जा रहा था। वाहन का उपयोग धालभूमगढ़ प्रखंड के पटनायकशौल निवासी पंकज झा उर्फ सुरेश झा द्वारा किया जाता है, जो गुड़ाबांदा प्रखंड कार्यालय में वेंडर के रूप में कार्यरत बताए जाते हैं।
चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन चालक अत्यधिक नशे में था। उसके बगल में बैठी एक महिला, जो अपने बच्चों के साथ काम पर जा रही थी, चालक को बार-बार धीरे चलाने की सलाह दे रही थी। बताया जाता है कि एक मोड़ पर चालक ने वाहन की रफ्तार कम नहीं की, जिससे सीमेंट और मजदूरों से लदी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई और चारों पहिए ऊपर हो गए।*एक की मौके पर मौत, कई घायल*हादसे में मंगलमुंडा नामक एक राजमिस्त्री की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अन्य कई मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को एमजीएम अस्पताल रेफर
स्थानीय सामाजिक संस्था ‘सेवा ही धर्म’ के नौशाद अहमद और गुलशन कुमार समेत अन्य लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को एंबुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से एक मरीज को छोड़कर शेष सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।*पुलिस जांच में जुटी*घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और चालक की स्थिति की जांच की जा रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
