
जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद के मेयर पद का चुनाव अब निर्णायक मोड़ पर पहुँच गया है। चुनावी बिसात बिछने के साथ ही दावे-प्रतिदावे का दौर शुरू हो चुका है। इसी क्रम में मेयर पद की प्रबल दावेदार नौशीन खान के समर्थन में झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायत खान ने मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने जुगसलाई के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में तूफानी जनसंपर्क कर माहौल को पूरी तरह चुनावी रंग में रंग दिया है।
“नगर परिषद को चाहिए ईमानदार नेतृत्व”
विभिन्न मोहल्लों में आयोजित नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए हिदायत खान ने नौशीन खान की सक्रियता पर जोर दिया। उन्होंने कहा “जुगसलाई को आज एक ऐसे नेतृत्व की जरूरत है जो फाइलों में नहीं, बल्कि जमीन पर काम करे। नौशीन खान जनहित के मुद्दों के लिए हमेशा खड़ी रही हैं। सड़क, नाली, जलापूर्ति और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता पर दूर करना ही हमारा मुख्य लक्ष्य है।”
विकास की नई दिशा तय करने का संकल्प
नुक्कड़ सभाओं के दौरान नौशीन खान ने स्वयं भी जनता से संवाद किया और अपनी भविष्य की योजनाओं का खाका पेश किया। उन्होंने कहा कि उनके विजन में समाज के हर वर्ग के लिए जगह है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और महिलाओं के लिए स्वावलंबन योजनाएं।बुजुर्गों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और पार्क जैसी व्यवस्थाएं। क्षेत्र की सड़कों का सुदृढ़ीकरण और जलजमाव की समस्या का स्थाई समाधान।
घर-घर जनसंपर्क और समर्थकों का उत्साह
जैसे-जैसे मतदान की तारीख करीब आ रही है, नौशीन खान के समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा है। हिदायत खान की सभाओं में उमड़ रही भीड़ ने विरोधियों की चिंता बढ़ा दी है। समर्थक न केवल सभाओं में हिस्सा ले रहे हैं, बल्कि घर-घर जाकर नौशीन खान के पक्ष में ‘डोर-टू-डोर’ अभियान भी चला रहे हैं।
बदलाव की बयार या सत्ता का बरकरार?
जुगसलाई क्षेत्र में इस बार चुनावी सरगर्मी पिछले कई चुनावों की तुलना में अधिक नजर आ रही है। हिदायत खान के जुड़ने से नौशीन खान का पलड़ा भारी होता दिख रहा है। अब यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा कि जुगसलाई की जनता विकास के इन वादों पर कितनी मुहर लगाती है।
