जमशेदपुर: गम्हरिया थाने में महिला से दुष्कर्म के विरोध में सड़क पर उतरी भाजपा महिला मोर्चा; सीएम का पुतला दहन, विधायक पूर्णिमा साहू ने राष्ट्रीय महिला आयोग को लिखा पत्र

Views: 0

जमशेदपुर:सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में एक महिला के साथ हुए दुष्कर्म के आरोपी पुलिसकर्मी के मामले को लेकर राज्यभर में राजनीतिक विरोध तेज हो गया है। इसी कड़ी में रविवार को जमशेदपुर में भाजपा महिला मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया और राज्य सरकार पर महिला सुरक्षा के मोर्चे पर पूरी तरह विफल होने का आरोप लगाया। प्रदेश भाजपा के आह्वान पर सांगठनिक मंडलों में भी विरोध प्रदर्शन किए गए।

विधायक पूर्णिमा दास साहू ने राष्ट्रीय महिला आयोग को लिखा पत्र

इस गंभीर घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए जमशेदपुर पूर्वी की विधायिका पूर्णिमा दास साहू ने सीधे राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष को पत्र लिखा है। उन्होंने मांग की है कि आयोग इस संवेदनशील मामले का तुरंत संज्ञान ले। थाना परिसर के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सभी महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित रखते हुए समयबद्ध और निष्पक्ष जांच कराई जाए।पीड़िता को पर्याप्त सुरक्षा और पूर्ण कानूनी सहायता मुहैया कराई जाए।प्रदर्शन के दौरान विधायक पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि “थाना जैसी सुरक्षित जगह पर यदि न्याय मांगने आई महिला के साथ ऐसी घटना का आरोप सामने आ रहा है, तो आम महिलाएं राज्य में किस पर भरोसा करें?”

भाजपा महिला मोर्चा का उग्र प्रदर्शन और पुतला दहन

जमशेदपुर में जिला अध्यक्ष नीलू मछुआ के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने हेमंत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर हो गई है, जहां रक्षक ही भक्षक बन रहे हैं। महिला मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में त्वरित स्पीडी ट्रायल के तहत दोषियों को कड़ी सजा नहीं दी गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

अब तक की गई प्रशासनिक कार्रवाई

उल्लेखनीय है कि इस सनसनीखेज मामले में पुलिस प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए मुख्य आरोपी सह वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की तह तक जाने और साक्ष्य जुटाने के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया है। प्राथमिक स्तर पर लापरवाही और कर्तव्यहीनता बरतने के आरोप में थाना प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है।

More From Author

डोरकाशाही में एटक की संयुक्त बैठक, संगठन मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष का संकल्प