
जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी के स्मार्ट ऑडियो वीडियो हॉल में बीपीएड विभाग (शिक्षा संकाय) की ओर से सत्र 2025-27 की नवागंतुक छात्राओं के लिए ‘फ्रेशर्स डे’ समारोह का शानदार आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से नई छात्राओं का विश्वविद्यालय परिवार में उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया।
दीप प्रज्वलन से समारोह का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय की डीएसडब्ल्यू डॉ. किश्वर आरा, शिक्षा संकाय की को-ऑर्डिनेटर डॉ. कामिनी कुमारी, विभागाध्यक्ष डॉ. सजीत कुमार महतो और अन्य सहायक प्राध्यापकों द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई। विभागाध्यक्ष डॉ. सजीत कुमार महतो ने स्वागत भाषण के माध्यम से छात्राओं को खेल और शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह के दौरान तृतीय सेमेस्टर की छात्रा अनामिका केरकेट्टा और ननीका पूर्ति ने मंच का कुशल संचालन किया। सत्र 2024-26 की छात्राओं ने मनमोहक स्वागत गीत और विभिन्न नृत्य-संगीत की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भर दिया। हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
स्नेहा कुमारी बनीं ‘मिस फ्रेशर विनर’
समारोह का मुख्य आकर्षण ‘मिस फ्रेशर्स’ प्रतियोगिता रही, जिसमें छात्राओं ने अपने व्यक्तित्व और बुद्धिमत्ता का परिचय दिया। निर्णायकों के फैसले के बाद परिणामों की घोषणा की गई जिसमे मिस फ्रेशर्स विनर: स्नेहा कुमारी (सत्र 2025-27),मिस फ्रेशर्स रनरअप: जरल्डिन एक्का।
अतिथियों का संदेश: शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में रहें आगे
मुख्य अतिथि डॉ. किश्वर आरा और मुख्य वक्ता डॉ. कामिनी कुमारी ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि केवल किताबी ज्ञान ही काफी नहीं है, बल्कि शारीरिक शिक्षा के विद्यार्थियों के लिए अनुशासन और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी भी अनिवार्य है। उन्होंने सभी छात्राओं के उज्ज्वल और सफल भविष्य की कामना की।
