
जमशेदपुर: शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया है। सबिना कॉलोनी स्थित एक कमरे में गुप्त रूप से बैठकर बड़ी वारदात की योजना बना रहे सात शातिर अपराधियों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने गुरुवार को आयोजित एक प्रेसवार्ता में दी।
घेराबंदी कर दबोचे गए अपराधी
सिटी एसपी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सबिना कॉलोनी के एक घर में कुछ अपराधी हथियार के साथ एकत्रित हुए हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम ने देर रात छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया।
हथियार और नकदी बरामद
तलाशी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से घातक हथियार और अन्य सामग्री बरामद की गई है जिसमे एक देशी पिस्टल और कुल 7 जिंदा गोलियां, चापड़, भुजाली और चाकू।एक स्कॉर्पियो गाड़ी, 22,500 रुपये नकद बरामद किया गया।
विभिन्न क्षेत्रों के हैं आरोपी
पकड़े गए आरोपी शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। इनमें कपाली डांगुडीह, धतकीडीह, गोलमुरी मुस्लिम बस्ती, हिंदू लाइन और सबिना कॉलोनी के युवक शामिल हैं। पुलिस इन सभी के पुराने आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए
पुलिस ने सभी सात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद गुरुवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
“अपराधियों के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा। शहर की शांति व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।” — कुमार शिवाशीष (सिटी एसपी, जमशेदपुर)
