
जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद चुनाव को लेकर जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए अवैध शराब के इस्तेमाल की आशंका के बीच शुक्रवार, 20 फरवरी 2026 को पुलिस और उत्पाद विभाग ने बागबेड़ा थाना क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल की है।
सटीक सूचना पर मुनमुन दास के घर पर रेड
प्रशासन को सटीक सूचना मिली थी कि बागबेड़ा पश्चिम के जटाझुपड़ी इलाके में चुनाव के लिए शराब का अवैध स्टॉक जमा किया गया है। सूचना के आधार पर छापेमारी दल ने मुनमुन दास के घर पर अचानक दबिश दी। छापेमारी के दौरान मुनमुन के घर से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।
बरामदगी का विवरण
तलाशी के दौरान घर के भीतर से विभिन्न ब्रांडों की शराब की पेटियां और बोरे बरामद हुए जिसमे कुल 09 पेटियां और 01 छोटा बोरा, लगभग 80.280 लीटर अवैध विदेशी शराब।बाजार में इसकी कीमत हजारों में आंकी जा रही है।
फिल्मी अंदाज में फरार हुआ आरोपी
अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी दल ने पहले से योजना बनाई थी। मुख्य टीम के पहुँचने से पहले दो सदस्यीय टोली को सादे लिबास में भेजा गया था ताकि मुनमुन को घेरा जा सके। हालांकि, घर के मुख्य द्वार पर मजबूती से तालाबंदी होने और स्थानीय लोगों द्वारा अपेक्षित सहयोग न मिलने का फायदा उठाकर आरोपी छत के रास्ते भागने में सफल रहा।
कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी
फरार आरोपी मुनमुन दास के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a) और 55 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
