
बहरागोड़ा : बरसोल थाना क्षेत्र के दारीसोल चौक के समीप नेशनल हाईवे 49 (NH-49) पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। शनिवार को एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में इतनी जोर से टकराई कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे बुरी तरह फंस गया। इस हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
कोलकाता एयरपोर्ट से जमशेदपुर की ओर जा रही थी कार
जानकारी के अनुसार, कार (संख्या: JH 05 DP 5597) कोलकाता एयरपोर्ट से जमशेदपुर की ओर जा रही थी। दारीसोल चौक के पास चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण कार सड़क किनारे खड़े एक भारी ट्रक (संख्या: NL 01 AF 8361) के पीछे जा घुसी। टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए।
पुलिस की सक्रियता: मलबे से निकाला बाहर
घटना की सूचना मिलते ही बरसोल थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुँची। कार के परखच्चे उड़ चुके थे और घायल अंदर फंसे हुए थे। पुलिस ने पीसीआर वाहन और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को बाहर निकाला।घायलों की पहचान समीर दास और परेश दास हुई है। एनएचएआई की हेल्पलाइन 1033 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया, जहाँ उनका प्राथमिक उपचार जारी है।
जांच में जुटी पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार की रफ्तार तेज थी, जिस कारण चालक संतुलन नहीं बना सका। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और क्रेन की मदद से उन्हें सड़क से हटाकर यातायात सुचारू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बरसोल थाना पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
